Asia cup 2025: एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड घोषित हो चुका है। टीम इंडिया के स्क्वॉड में शुभमन गिल के नाम की सबसे ज्यादा चर्चाएं हो रही हैं। दरअसल, उन्हें सीधे टी20 टीम का उपकप्तान बना दिया गया है। इसको लेकर टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, इस कदम से संजू सैमसन पर सीधा असर पड़ेगा और वो एशिया कप में प्लइेंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
पढ़ें :- Padma Awards 2026 : 131 हस्तियों को मिला पद्म सम्मान, जानें लिस्ट में हैं और कौन-कौन नाम?
अश्विन ने कहा कि, मौजूदा समय में गिल को उपकप्तान बनाना भविष्य के लिए बड़ी रणनीति है। उन्होंने साफ किया कि, भविष्य में उनको कप्तान भी बनाया जा सकता है। शायद वह सभी फॉर्मेट में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी के रूप में देखे जा रहे हों। हालांकि यह जरूरी नहीं कि हर फॉर्मेट में एक ही कप्तान हो।
इसके साथ ही उन्होंने कहा, शुभमन गिल के आने के बाद इसका सीधा असर संजू सैमन पर पड़ेगा। सबसे दुखद यह है कि जैसे ही गिल को उपकप्तान बनाया गया, सैमसन की जगह खतरे में पड़ गई। इसका सीधा मतलब है कि संजू सैमसन नहीं खेलेंगे। शुभमन गिल जरूर खेलेंगे और ओपनिंग करेंगे।
बता दें कि, सैमसन पिछले काफी दिनों से अच्छे लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने पिछले साल में टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीन शतक जमाए हैं। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने गिल को उपकप्तान बनाकर संकेत दे दिया है कि उनकी प्राथमिकता लंबी अवधि की योजना है, भले ही इसके लिए किसी इन-फॉर्म खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़े।