Bollywood Updates: इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म ‘आवारापन 2’ आखिरकार रिलीज के लिए तैयार है। जिसे 14 अगस्त को रिलीज करने के लिए ग्रीन सिग्नल मिल चुका है। लेकिन थिएटर तक पहुंचने से पहले फिल्म पर सेंसर बोर्ड की कैंची चल गई है। सवाल ये है कि आखिर फिल्म में ऐसे कौन-से सीन थे जिन पर आपत्ति जताई गई और अब बच्चे इस फिल्म को किन शर्तों पर देख सकेंगे? आइए जानते हैं पूरी खबर।
पढ़ें :- 16 करोड़ के कर्ज में फंसे राजपाल यादव! 9 सितंबर को नीलाम होंगी दो संपत्तियां, बैंक ने चस्पा किया नोटिस
सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन यानी CBFC ने इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ को UA 16+ सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। इसका मतलब है कि 16 साल से कम उम्र के दर्शक यह फिल्म माता-पिता या अभिभावक की निगरानी में ही देख सकेंगे। हालांकि सर्टिफिकेट देने से पहले सेंसर बोर्ड ने मेकर्स को कुल 9 बदलाव करने के निर्देश दिए। इनमें कई हिंसक दृश्यों को छोटा करना, कुछ गालियों को म्यूट करना और ड्रग्स से जुड़े सीन में बदलाव करना शामिल है। इसके अलावा फिल्म में ड्रग्स के दुष्प्रभाव, स्मोकिंग के खिलाफ चेतावनी और चाइल्ड ट्रैफिकिंग से जुड़ा डिस्क्लेमर जोड़ने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बोर्ड ने फिल्म का हिंदी टाइटल प्रमुखता से दिखाने और कुछ जरूरी चेतावनी संदेश शामिल करने को भी कहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सेंसर बोर्ड ने फिल्म के करीब 4 मिनट के हिस्से को हटाने और 20 सेकंड के कुछ दृश्यों में बदलाव करने को कहा। इन बदलावों के बाद फिल्म का अंतिम रनटाइम 140 मिनट 20 सेकंड तय किया गया है। बता दें कि नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म साल 2007 में आई ‘आवारापन’ की कहानी को आगे बढ़ाती है और बदले की एक नई कहानी दर्शकों के सामने पेश करेगी। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और अब देखना दिलचस्प होगा कि सेंसर बोर्ड के इन बदलावों के बाद दर्शक इसे कितना पसंद करते हैं।
रिपोर्ट: कल्पना पाण्डे