Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Video- ग्रामीणों ने रोका पर नहीं माने… बरेली में नदी के तेज बहाव से बाइक समेत बहे तीन युवक, अभी भी तलाश जारी

Video- ग्रामीणों ने रोका पर नहीं माने… बरेली में नदी के तेज बहाव से बाइक समेत बहे तीन युवक, अभी भी तलाश जारी

By Harsh 
Updated Date

बरेली। बारिश के बाद उफनाई अरिल नदी में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। आंवला क्षेत्र में एक बाइक पर सवार तीन युवक रपटा पुल पार करने के दौरान तेज धारा की चपेट में आ गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि बाइक का संतुलन बिगड़ते ही तीनों नदी में जा गिरे और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। घटना शाम करीब 5:30 बजे लाडपुर और डरूआपुर गांव के आसपास की बताई जा रही है। बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पुल के ऊपर करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पानी की रफ्तार भी काफी तेज थी।

पढ़ें :- स्वच्छ हवा में लखनऊ नंबर-1, इंदौर को छोड़ा पीछे: नगर निगम को मिला 1.50 करोड़ का पुरस्कार

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत युवकों को बचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि तीनों ने कुछ देर तक पानी से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन नदी की धार के आगे उनकी कोशिश काम नहीं आई। कुछ ही देर में तीनों नजरों से ओझल हो गए।

ग्रामीणों ने रोका, फिर भी पुल पर बढ़ गए

स्थानीय लोगों के मुताबिक पुल के पास मौजूद ग्रामीणों ने बाइक सवार युवकों को आगे जाने से मना किया था। उन्हें बताया गया कि पानी पुल के ऊपर से बह रहा है और तीन लोगों के साथ बाइक लेकर इसे पार करना जोखिम भरा हो सकता है। इसके बावजूद युवक पुल की ओर बढ़ गए। पुल के बीच पहुंचते ही बाइक पानी के दबाव में डगमगाने लगी। चालक संभाल पाता, इससे पहले ही बाइक फिसल गई और तीनों युवक उसके साथ नदी में जा गिरे।

घटना का वीडियो भी सामने आया

पढ़ें :- झांसी में रील के चक्कर में 30 फीट से कूदा युवक, पानी की जगह जमीन पर गिरा, दोनों पैर टूटे

हादसे के दौरान वहां मौजूद एक ग्रामीण ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों युवक घटना से कुछ समय पहले भी पुल के आसपास दिखाई दिए थे। घटना की सूचना मिलते ही आंवला और बिशारतगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नदी में तलाशी अभियान शुरू कराया। बाइक को बरामद कर लिया गया है, लेकिन उस पर सवार तीनों युवकों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।

डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

पढ़ें :- अंतिम संस्कार में गए दो वकीलों की छज्जा गिरने से मौत, गोरखपुर में सीएमओ, जेई और ठेकेदार पर FIR दर्ज

हादसे की जानकारी मिलने के बाद डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी रात में मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बचाव अभियान की स्थिति देखी और रेस्क्यू टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी के मुताबिक अभी तक युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। उनकी उम्र करीब 20 से 30 साल के बीच होने का अनुमान है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने के साथ चौकीदारों और अन्य माध्यमों से उनकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

SDRF और PAC ने संभाला मोर्चा

तेज बहाव को देखते हुए राहत और बचाव कार्य में SDRF और PAC की फ्लड रेस्क्यू टीम को लगाया गया है। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से आसपास के लोगों से भी नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों से दूर रहने की अपील की गई है।

Advertisement