Bihar ED Raid: बिहार में ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री और आरजेडी नेता आलोक कुमार मेहता (Alok Kumar Mehta) के 19 ठिकानों पर छापेमारी की है। केंद्रीय जांच एजेंसी की यह कार्रवाई पटना और हाजीपुर में 9, कोलकाता में 5, वाराणसी 4 और दिल्ली में 1 ठिकाना पर चल रही है। पटना में मेहता के सरकारी और निजी आवास पर छापेमारी की जा रही है।
पढ़ें :- यूपी मतदाता सूची गड़बड़ी मामले में बड़ा एक्शन, पीलीभीत में दो एसडीएम के खिलाफ FIR दर्ज
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी ने वैशाली शहरी विकास सहकारिता बैंक में 85 करोड़ रुपए के घोटाले में एक्शन लिया है। आय से अधिक संपति के मामले में ED ने आलोक कुमार मेहता के घर पर रेड की है। आरबीआई की रिपोर्ट के बाद हाजीपुर में 3 एफआईआर दर्ज हुई थी। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम अलग-अलग ठिकानों पर रेड के दौरान दस्तावेजों की जांच में लगी हुई है। बिहार में पटना के अलावा, वैशाली जिले के महुआ के पास कोल्डस्टोरेज और महुआ के मिर्जानगर गांव में भी ईडी ने छापेमारी की है।
बता दें कि लालू यादव के करीबियों में से एक आलोक कुमार मेहता राज्य की महागठबंधन सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री थे। आरजेडी के अंदर कई अहम फैसलों में भी मेहता की भूमिका होती है। वह समस्तीपुर के उजियारपुर सीट से विधायक हैं। वहीं, इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिससे पहले ईडी की कार्रवाई के कई मायने निकाले जा रहे हैं।