Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. मैंगलोर पेट्रोकेमिकल प्लांट में ब्लास्ट, एक कर्मचारी की मौत, आठ घायल

मैंगलोर पेट्रोकेमिकल प्लांट में ब्लास्ट, एक कर्मचारी की मौत, आठ घायल

By Sushil Sah 
Updated Date

मंगलुरु। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में स्थित मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के प्लांट में बीते बुधवार को जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद प्लांट के Coker Hydrotreater Unit में आग लग गई। इस हादसे में एक कॉन्ट्रैक्ट वर्कर की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए।

पढ़ें :- तृणमूल कांग्रेस के चार फ्रीज बैंक खातों पर रोक बरकरार, सुप्रीम कोर्ट ने राहत देने से किया इनकार

पुलिस की जांच में मृतक की पहचान 30 वर्षीय मनीष करकारा के रूप में हुई है। इस भीषण आग पर काबू पाने के बाद जब प्रभावित हिस्से की तलाशी ली गई, तब उनका जला हुआ शव बरामद हुआ। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक व्यक्ति को गंभीर रूप से जलने की चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।

हाई-प्रेशर कोल्ड सेपरेटर में हुआ रिसाव

MRPL के मुताबिक, यह हादसा Coker Hydrotreater Unit में करीब 70 बार दबाव पर काम कर रहे एक Cold Separator के फटने के बाद हुआ। इसके बाद आग बहुत ज्यादा भड़क गई। इस घटना के बाद कंपनी ने प्रभावित यूनिट को तुरंत अलग कर दिया और इमरजेंसी रिस्पॉन्स तथा फायरफाइटिंग टीमों को मौके पर लगाया गया। करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

पढ़ें :- बेंगलुरु में कॉलेज के बाहर खूनी वारदात, 19 साल के छात्र की चाकू मारकर हत्या

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई इलाकों में इसकी आवाज भी सुनी गई। इसके अलावा वहां के स्थानीय लोगों ने तेज आवाज के साथ काला धुआं उठने और कुछ जगहों पर इमारतों के हिलने की बात कही। हालांकि, अधिकारियों ने स्थिति को अब नियंत्रण में बताया है।

फिलहाल, इस भीषण हादसे की सटीक वजह की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद थे। MRPL ने भी कहा है कि प्रभावित यूनिट को सुरक्षित तरीके से अलग कर स्थिति पर लगातार निगरानी हो रही है।

Advertisement