नई दिल्ली: कर्नाटक की राजनीति में एक बड़े बदलाव की खबर सामने आ रही है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ( Chief Minister Siddaramaiah) आज अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आज दोपहर 3 बजे वे आधिकारिक तौर पर अपना त्यागपत्र सौंप सकते हैं। यानी अब उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (Deputy Chief Minister DK Shivakumar) की ताजपोशी का रास्ता बिल्कुल साफ हो गया है। इससे पहले सिद्धारमैया ने आज सुबह अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ ‘ब्रेकफास्ट मीटिंग’ की थी। इस महत्वपूर्ण बैठक में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (Deputy Chief Minister DK Shivakumar) भी विशेष रूप से उपस्थित थे। इसी बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर अपने सहयोगियों को सूचित किया कि वे लंच के बाद मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाएंगे।
पढ़ें :- CBSE Result Irregularities : राहुल पर धर्मेंद्र प्रधान का पलटवार, बोले- यह राजनीति करने का समय नहीं, छात्रों का मानसिक तनाव न बढ़ाएं
डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया मिले गले
इससे पहले, बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने आधिकारिक आवास पर अपने कैबिनेट सहयोगियों के लिए नाश्ते की मेजबानी की। इस बैठक में डी. के. शिवकुमार सहित कई अन्य मंत्री शामिल हुए। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा की गई तस्वीरों में सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच की दूरियां मिटती दिखीं। एक तस्वीर में सिद्धारमैया शिवकुमार को गले लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि एक अन्य तस्वीर में भावी मुख्यमंत्री माने जा रहे शिवकुमार, सिद्धारमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं। माना जा रहा है कि इसी बैठक के दौरान सिद्धारमैया ने शिवकुमार के लिए रास्ता साफ करने और अपने इस्तीफे की घोषणा करने की योजना बनाई थी।
कांग्रेस हाईकमान का निर्देश और राहुल गांधी की भूमिका
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के लिए अपना पद छोड़ने को कहा है। पार्टी ने 77 वर्षीय दिग्गज नेता सिद्धारमैया को राज्यसभा सीट के साथ दिल्ली में कोई अहम भूमिका देने की पेशकश की है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने इस प्रस्ताव को तत्काल स्वीकार नहीं किया है।
पढ़ें :- Eid ul-Adha : राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं ने देशवासियों को दी बकरीद की बधाई
राहुल गांधी का संदेश
बताया जा रहा है कि इस्तीफा देने का यह संदेश सीधे राहुल गांधी की ओर से आया है। सिद्धारमैया पहले भी कई बार कह चुके हैं कि अगर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उन्हें पद छोड़ने के लिए कहेंगे, तो वह सहर्ष ऐसा करेंगे। इससे पहले मंगलवार को सिद्धारमैया और शिवकुमार को दिल्ली बुलाया गया था। वहां कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, और महासचिव के.सी. वेणुगोपाल व रणदीप सिंह सुरजेवाला के बीच लगातार अहम बैठकें हुईं।