बेंगलुरु। बेंगलुरु में कॉलेज के बाहर 19 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक नगरभावी स्थित एक निजी कॉलेज में B.Com प्रथम वर्ष का छात्र था। उसकी पहचान योगेश के रूप में हुई है। यह घटना बीते बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।
पढ़ें :- बदायूं में देर रात खौफनाक वारदात, पति ने की पत्नी की बेरहमी से हत्या, कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, यह घटना होने से पहले योगेश कॉलेज में क्लास कर रहा था। इसी दौरान उसके एक परिचित ने फोन कर उसे बाहर बुलाया। फिर उसके बाद योगेश एक सहपाठी के साथ कॉलेज के पीछे जिम के पास पहुंचा। वहां पहले से कई युवक मौजूद थे। इसके बाद वहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने योगेश की छाती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। योगेश को गंभीर हालत में उसके साथियों ने बाइक से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बीते बुधवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुई। शुरुआती जांच में करीब पांच से आठ युवकों के मौका ए वारदात पर मौजूद होने की बात सामने आई है। इनमें योगेश का एक कॉलेज सहपाठी भी शामिल बताया जा रहा है, जबकि अन्य युवक बाहरी बताए गए हैं। फिलहाल, इस हत्या की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। मामले का पता लगाने के लिए पुलिस इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और चाकू से हमला किसने किया। इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम भी गठित की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, किसी लड़की से जुड़े विवाद की संभावना की भी जांच की जा रही है, लेकिन इस एंगल की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही पुलिस ने कहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही इस हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो पाएगी।