Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. मेरठ में BSF जवान की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर वारदात से सनसनी

मेरठ में BSF जवान की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर वारदात से सनसनी

By Harsh 
Updated Date

मेरठ, पर्दाफाश।  मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान की उनके ही घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे गांव में दहशत और गुस्से का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नैन सिंह के रूप में हुई है, जो BSF में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में थी। वह 6 मार्च को छुट्टी लेकर घर आए थे और 2 अप्रैल को उन्हें वापस ड्यूटी जॉइन करनी थी। वारदात के समय वह घर में सो रहे थे, तभी एक अज्ञात युवक अंदर घुसा और उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही नैन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

पढ़ें :- हापुड़ में चलते ऑटो से नर्स को दिया धक्का, छेड़छाड़ का विरोध करने पर हमला, चलते ऑटो से दिया धक्का

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उस वक्त घर में उनके छोटे भाई की पत्नी मौजूद थीं, जबकि उनकी पत्नी कोमल अपने दो बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। मां अपनी बेटी के यहां और पिता खेत पर थे, जिससे घर लगभग खाली था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव के ही एक युवक से नैन सिंह की पुरानी रंजिश चल रही थी। तीन दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था और घटना वाले दिन भी कहासुनी हुई थी। पुलिस इसी एंगल पर जांच कर रही है और इसे हत्या की बड़ी वजह मान रही है।

घटना के बाद धनपुर गांव के लोग गुस्से में हैं। हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement