पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: विश्व हिंदू परिषद गोरक्ष प्रांत के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को कस्बे के एक प्रतिष्ठित मैरिज हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद, नौतनवा गोरख प्रांत इकाई द्वारा संपन्न हुआ, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय ने सभा को संबोधित किया।
पढ़ें :- Chhath Mahaparva : सीएम योगी ने गोमती तट पर पहुंचकर किया छठ पूजन, सैकड़ों महिलाओं ने भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य
अपने प्रेरक उद्बोधन में चंपत राय ने कहा कि “कठिन परिस्थितियों में हंसकर कार्य करने वाले व्यक्ति में ही निखार आता है।” उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि महापुरुषों के जीवन से हमें दिशा और ऊर्जा मिलती है। धर्म को समझने और आत्मसात करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के ग्रंथों का अध्ययन आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि “व्यक्ति जब तक परंपराओं से जुड़ा है, तब तक जीवित है। जिस दिन परंपराओं से नाता टूटता है, वही दिन उसकी मृत्यु के समान है।” चंपत राय ने जोर देकर कहा कि समाज और राष्ट्र को जोड़कर रखने की जिम्मेदारी हिंदू समाज की है। आज आवश्यकता है कि हम स्वाभिमान के साथ जमीन से जुड़कर जीवनयापन करें।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलन से हुआ। समापन अवसर पर स्थानीय पदाधिकारी सुधाकर जायसवाल ने अयोध्या से पधारे चंपत राय का फूल माला पहनाकर सम्मान किया और उनके प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश, कुमार नागेंद्र, परमात्मा अग्रहरि, राजेश, शगुन श्रीवास्तव, दीपेश, अरविंद सिंह, सत्यम सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई।
पढ़ें :- देश के सबसे बड़े आबादी वाले प्रदेश में NHM बजट न खर्च करने में पहले नंबर पर है यूपी
राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम का कुशल संचालन चंद्र प्रकाश मिश्रा ने किया।