लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी तैयारियों के बीच कांग्रेस कई राज्यों में बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष भी मिल सकता है। इसको लेकर कई नामों की चर्चाएं जोरों पर हैं। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्रा मोना का नाम काफी सुर्खियों में है। इनके साथ ही कई अन्य नामों की चर्चाएं भी हो रही हैं। इसके साथ ही, पंजाब में भी बड़े बदलाव की बातें कही जा रही हैं।
पढ़ें :- पूरा देश वोट चोरी के खिलाफ गुस्से में है, फिर भी BJP-EC की बेशर्मी देखिए कैसे खुलेआम वही काम कर रहे हैं: राहुल गांधी
दअरलस, 2027 में यूपी, पंजाब समेत अन्य राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इससे पहले कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। यूपी में पार्टी किसी महिला प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर विचार कर रही है। ऐसे में आराधना मिश्रा मोना का नाम चर्चाओं में आ रहा है। आराधना प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास विधानसभा सीट से तीन बार चुनाव जीत चुकी हैं। इससे पहले उनके पिता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी यहां से नौ बार विधायक रहे हैं।
उधर, पंजाब कांग्रेस में भी बदलाव की तैयारियां तेज हो गयी हैं। बताया जा रहा है कि, वहां पर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। इस खींचतान के बीच सचिन पायलट ने पंजाब कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट हाईकमान को सौंप दी है। इसी रिपोर्ट के बाद प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं। हाईकमान के स्तर पर नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मंथन चल रहा है।
यूपी और पंजाब दोनों राज्य अहम
उत्तर प्रदेश और पंजाब दोनों राज्य कांग्रेस के लिए बेहद ही अहम है। दोनों राज्यों में कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने की तैयारी में है। ऐसे में कांग्रेस इस समय इन जगहों पर अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है।