लखीमपुर खीरी। ‘मेरा भारत महान’ कहना और लिखना आसान है, लेकिन देश की महानता केवल नारों से नहीं, बल्कि व्यवस्था की जवाबदेही और नागरिकों की सुरक्षा से साबित होती है। लखीमपुर खीरी में करंट लगने से एक डीसीएम चालक की दर्दनाक मौत हेा गई, जिसमें बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि उन लापरवाहियों की कहानी है जो समय रहते सुधारी जातीं तो शायद किसी परिवार को यह दर्द न झेलना पड़ता।
पढ़ें :- केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद की पहल लाई रंग: कासगंज-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन को मिली मंज़ूरी, पीलीभीत-लखीमपुर खीरी होते हुए पहुंचेगी लखनऊ
दरअसल, लखीमपुर खीरी के पढुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें करंट की चपेट में आने से डीसीएम चालक की मौत हो गयी। इस घटना के बाद जो तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, वो इस पूरी बिजली विभाग की व्यवस्था की पोल खोल दी है। बताया जा रहा है कि, हाईटेंशन लाइन का तार काफी नीचे झूल रहा था। चलते समय यह तार डीसीएम की छत से छू गया। स्थिति को देखकर चालक तार हटाने के लिए वाहन की छत पर चढ़ गया। इस दौरान वो करंट की चपेट में आ गया।
इस घटना के बाद मृतक चालक की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इस दौरान साफ देखा जा सकता है कि, चालक का पैर डीसीएम में लगी रस्सी में फंसा हुआ है और वहां पर लिखा हुआ है ‘मेरा भारत महान’। इसके बाद तमाम सवाल बिजली विभाग की व्यवस्था को लेकर उठने लगे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में झूलते हाईटेंशन तारों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने ऐसे तारों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। मृतक की पहचान ऊंच गांव निवासी 40 वर्षीय मेड़ाई उर्फ वारिश के रूप में हुई है।