Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के मुकुंदपुर में बड़ा हादसा: सिलेंडर फटने के बाद गिरा मकान, कई लोग दबे

दिल्ली के मुकुंदपुर में बड़ा हादसा: सिलेंडर फटने के बाद गिरा मकान, कई लोग दबे

By Harsh Gautam 
Updated Date

दिल्ली: राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेरी इलाके के मुकुंदपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट होने के बाद एक मकान भरभराकर गिर पड़ा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं।

पढ़ें :- दिल्ली दौरे से बदली सियासी तस्वीर? बीजेपी छोड़ने की अटकलों के बीच नितिन नवीन से मिले अन्नामलाई

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:37 बजे दमकल विभाग को मुकुंदपुर फेस-2 के ईशु विहार स्थित गली नंबर-1 में तेज धमाके और मकान गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं और राहत कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण करीब 250 वर्ग गज में बना एक मंजिला मकान ढह गया। हादसे के समय मकान में कई लोग मौजूद थे, जिनमें मजदूर परिवार भी शामिल बताए जा रहे हैं।

राहत-बचाव अभियान के दौरान अब तक छह लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें दो महिलाओं समेत कुछ लोग घायल हुए हैं, हालांकि अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए बीएसए अस्पताल भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मलबा हटाने का काम जारी है। फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका नहीं जताई जा रही है, फिर भी एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की जांच की जा रही है। हादसे के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Advertisement