Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने नवनियुक्त मंत्रियों को दी बधाई, कहा-सपा 2047 तक उत्तर प्रदेश की राजनीति से बाहर

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने नवनियुक्त मंत्रियों को दी बधाई, कहा-सपा 2047 तक उत्तर प्रदेश की राजनीति से बाहर

By शिव मौर्या 
Updated Date

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित राजभवन में आज आयोजित एक गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पढ़ें :- सपाइयों के महिला सम्मान का मॉडल सिर्फ पोस्टरों तक है सीमित...गार्गी पटेल पर हुए हमले के बाद बोले पंकज चौधरी

बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं
समारोह के उपरांत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने सभी नवनियुक्त मंत्रियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास और सुशासन के बल पर भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने अपने संदेश में कहा—“नवनियुक्त सभी मंत्रीगण उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास की यात्रा में एक अहम कड़ी साबित होंगे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी के अनुभव, क्षमता और ऊर्जा से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी। हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

समावेशी विकास
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का यह विस्तार प्रदेश के संतुलित एवं समावेशी विकास को नई दिशा देगा तथा सरकार की योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने में सहायक सिद्ध होगा।

विपक्ष पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि, विपक्ष पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुका है। जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता लगातार घट रही है, इसलिए विपक्ष केवल डबल इंजन सरकार की बुराई कर मीडिया में बने रहने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति को नकार चुकी है तथा विकास, सुरक्षा और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन दे रही है।

पढ़ें :- आजम खान के बेटे अब्दुल्ला की 7 साल की सजा रद्द, 2 पासपोर्ट मामले में बड़ी राहत,क्या अब जेल से आएंगे बाहर?

बता दें कि, शपथ समारोह में कैबिनेट के रूप में भूपेंद्र चौधरी और मनोज कुमार पांडे ने शपथ ली। वहीं, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में डॉ. सोमेंद्र तोमर और अजीत सिंह पाल ने शपथ ली। इसके साथ ही राज्य मंत्री के रूप में कृष्णा पासवान जी, कैलाश सिंह राजपूत जी, सुरेंद्र दिलेर जी और हंसराज विश्वकर्मा जी ने शपथ ली।

Advertisement