उत्तर प्रदेश। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के नए आंकड़ों ने उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बहस काफी तेज कर दी है। प्रदेश की अनुमानित वयस्क आबादी और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में दर्ज मतदाताओं की संख्या के बीच करीब 2 करोड़ 58 लाख का अंतर सामने आया है। एक तरफ 2026 में उत्तर प्रदेश की अनुमानित 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की आबादी करीब 16 करोड़ 16 लाख बताई गई है। जबकि दूसरी तरफ ड्राफ्ट मतदाता सूची में लगभग 13 करोड़ 58 लाख मतदाता दर्ज हैं। इस अंतर ने मतदाता पंजीकरण और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पढ़ें :- यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, सात महीने में बढ़े 19 लाख नए वोटर, वोटर लिस्ट का प्रकाशन 4 जनवरी को
दरअसल, बीते 17 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR-2027 के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की। इसमें कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज किए गए हैं। जिनमें 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अनुमानित वयस्क आबादी और वोटर लिस्ट के बीच का 2 करोड़ 58 लाख का अंतर सीधे तौर पर हटाए गए या काटे गए नामों की संख्या नहीं है। यह अनुमानित वयस्क आबादी और मतदाता सूची में पंजीकृत लोगों के बीच का अंतर है। इसलिए इसे 2 करोड़ 58 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने के रूप में देखना सही नहीं होगा।
वहीं, SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद जारी आंकड़ों पर नजर डालें तो 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इसके मुकाबले नवंबर की नई ड्राफ्ट सूची में 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान महिला मतदाताओं की संख्या में करीब 10 लाख 97 हजार और पुरुष मतदाताओं की संख्या में लगभग 7 लाख 87 हजार की वृद्धि हुई है। महिला और युवा मतदाताओं का पंजीकरण भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अनुमानित वयस्क महिला आबादी करीब 7 करोड़ 84 लाख है, जबकि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में लगभग 6 करोड़ 20 लाख महिलाएं दर्ज हैं। वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 बताई गई है।
आपको बता दें कि अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या सुधार कराने के लिए दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी। नए मतदाता नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने पर आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जानी है।
ऐसे में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का यह पुनरीक्षण बेहद अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम वोटर लिस्ट में कितने नए नाम जुड़ते हैं और कितने नामों में सुधार होता है।