पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज ::भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनाव को लेकर आज गुरुवार की देर शाम नौतनवा कस्बे के भाजपा कार्यालय पर मंडल अध्यक्षों के चुनाव पर गहन चर्चा की गई। इस बैठक में चुनाव अधिकारी ओंकार केशरी जिलाध्यक्ष महराजगंज संजय पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी,ब्लॉक प्रमुख नौतनवा राकेश मद्धेशिया,नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी,बच्चू लाल चौरसिया,संतोष सिंह, जितेंद्र पाल,युवा समाजसेवी सोनू साहू सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पढ़ें :- लखनऊ में एआई सिटी के जरिए टेक्नोलॉजी हब बनाने की तैयारी तेज, योगी सरकार ने बढ़ाए कदम
बैठक का मुख्य उद्देश्य नौतनवा विधानसभा के तीन मंडलों – पूर्वी, पश्चिमी, और नगर मंडल – के अध्यक्षों के चुनाव के लिए चर्चा और दिशा-निर्देश तय करना था। इसके साथ ही, इन मंडलों में विभिन्न बूथों के गठन और सत्यापन का कार्य अभी अधूरा होने पर विचार विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने यह जिम्मेदारी मंडल अध्यक्ष के दावेदारों को सौंपी है कि वे छूटे हुए बूथों का गठन जल्द से जल्द पूरा करें। चुनाव अधिकारी ओंकार केशरी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा, “आप सभी की जिम्मेदारी है कि छूटे हुए बूथों का गठन करा कर अपनी सक्रियता दिखाएं। संगठन को मजबूत करने में बूथों की भूमिका अहम है।” बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष पद के दावेदारों की एक संभावित सूची तैयार की गई और सक्रिय सदस्यों से उनके सुझाव भी लिए गए। जिलाध्यक्ष संजय पांडे ने कहा “आज की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ गठन है ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जा सके।” बैठक में उपस्थित भाजपा के सक्रिय सदस्यों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।