लखनऊ: यूपी की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की ड्राफ्ट मतदाता सूची मंगलवार को जारी कर दी गई। लोक भवन के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा (Navdeep Rinwa) ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 13.58 करोड़ मतदाता हैं। जिसमें 7.38 करोड़ पुरुष व 6.20 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं।
पढ़ें :- देश के सबसे बड़े आबादी वाले प्रदेश में NHM बजट न खर्च करने में पहले नंबर पर है यूपी
बता दें कि 10 अप्रैल को जारी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की अंतिम मतदाता सूची में 13.39 करोड़ वोटर थे । ऐसे में पिछले सात महीने में कुल 19 लाख मतदाता बढ़े हैं। एसएसआर (SSR) के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची पर मंगलवार से 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी। 28 दिसंबर तक दावे व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। चार जनवरी 2027 को एसएसआर (SSR) की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
2.58 करोड़ वोटरों के नाम जुड़ना बाकी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा (Chief Electoral Officer Navdeep Rinwa) ने बताया कि पापुलेशन प्रोजेक्शन ऑफ़ इंडिया एंड स्टेट (Population Projections for India and the States) के आधार पर यूपी की 18 साल से अधिक उम्र की जनसंख्या 16.16 करोड़ है और मतदाता सूची में कुल 13.58 करोड़ मतदाता हैं। ऐसे में अभी 2.58 करोड़ वोटरों के नाम जुड़ना बाकी हैं। पुरुष मतदाताओं की आबादी 8.32 करोड़ है और सूची में 7.38 करोड़ पुरुष हैं। यानी 94. 17 लाख पुरुष कम हैं। महिलाओं की आबादी 7.84 करोड़ है और मतदाता सूची में 6.20 करोड़ महिलाएं हैं। ऐसे में 1.64 करोड़ महिलाओं के नाम जोड़ना बाकी है। वहीं 18 से 19 साल की उम्र के युवाओं की आबादी 84.47 लाख है और सूची में 11.83 लाख युवाओं के नाम ही हैं। ऐसे में 72.63 लाख 18 से 19 वर्ष के युवाओं के नाम जुड़ना बाकी हैं।
1950 टोल फ्री नंबर पर कर सकते हैं शिकायत
पढ़ें :- युवाओं के हाथ में आया टैबलेट भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी, मनोरंजन का साधन नहीं : सीएम योगी
मतदाता किसी भी चुनाव संबंधी जानकारी या शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला संपर्क केंद्रों पर भी कार्यदिवसों में सुबह 9:30 से शाम 6 बजे तक सहायता उपलब्ध है। मोबाइल से कॉल करने के लिए संबंधित जिले का एसटीडी कोड लगाकर 1950 डायल करना होगा। इसके अलावा मतदाता पोर्टल और ECINET ऐप के जरिए भी शिकायत दर्ज कराकर उसकी स्थिति देख सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और जिला निर्वाचन अधिकारियों के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (एक्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक) के जरिए भी मतदाताओं से सीधा संवाद किया जा रहा है। इन माध्यमों से शिकायतों का निस्तारण करने के साथ निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देश और महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाती हैं।
अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन 4 जनवरी को
उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 कार्यक्रम के तहत मंगलवार को आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है। पिछली अंतिम सूची की तुलना में इस बार 18.84 लाख से अधिक नए मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नागरिक 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2026 तक मतदाता सूची को लेकर अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इन आवेदनों का निस्तारण 28 दिसम्बर तक किया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।