Grenade attack on Amritsar temple: पंजाब के अमृतसर स्थित होटल रेडिसन के पास एक मंदिर पर हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया था। सोमवार को इस मामले में संदिग्धों को पुलिस एनकाउंटर में गोली लगी है। जिसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। सीसीटीवी में कैद हुआ यह हमला दो दिन पहले खंडवाला के ठाकुरद्वारा मंदिर में हुआ था।
पढ़ें :- ED Big Action : आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ की ईडी ने अटैच की संपत्ति, बाजार मूल्य 1170 करोड़ रुपये
अमृतसर ग्रेनेड हमले के आरोपी गुरसिदक और विशाल को पकड़ने के लिए पुलिस ने आज राजासांसी इलाके में एनकाउंटर की। एनकाउंटर के दौरान गोली लगने से आरोपी गुरसिदक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, जब एसएचओ छेहरटा ने बाइक को रोकने की कोशिश की, जिस पर आरोपी सवार थे, तो उन्होंने अपनी बाइक छोड़ दी और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने कहा, “एक गोली हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह के बाएं हाथ पर लगी, एक गोली इंस्पेक्टर अमोलक सिंह की पगड़ी पर लगी और एक गोली पुलिस वाहन पर लगी। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने आत्मरक्षा में अपनी पिस्तौल से गोली चलाई, जिससे आरोपी गुरसिदक घायल हो गया। अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। एचसी गुरप्रीत सिंह और गुरसिदक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरसिदक ने दम तोड़ दिया। घटना की एफआईआर पीएस एयरपोर्ट में दर्ज की जा रही है।”
बता दें कि शुक्रवार-शनिवार की रात बाइक सवार संदिग्धों ने ठाकुरद्वारा मंदिर पर ग्रेनेड फेंककर हमला किया था। इस मामले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया था। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने खुद इस ओर इशारा किया था। पंजाब के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा था कि ऐसे हमलों के पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ है।
भुल्लर ने कहा था कि सीसीटीवी में दो बाइक सवार दिखे हैं, जिन्हें ट्रेस किया जा रहा है। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा। आए दिन पाकिस्तानी एजेंसी हमारे गरीब परिवार के युवाओं को भड़का कर ऐसे काम करवा रही है। पंजाब पुलिस ने लोगों से यह अपील की थी कि किसी के बहकावे में या पैसों की लालच में ऐसा ना करें। इसका खामियाजा उन्हें भी भुगतना होगा।