लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। 50 साल पहले लगाए गए आपातकाल को लेकर उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगियों से माफी मांगने की मांग उठाई। साथ ही कहा, 50 साल बाद कांग्रेस में चेहरे तो बदल गए होंगे, लेकिन उनका चरित्र, उनके हाव-भाव अभी भी वही हैं, जो 1975 में दिखे थे।
पढ़ें :- UPPSC Result 2025 : पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, 2297 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए सफल
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, भारत के संसदीय लोकतंत्र का एक काला अध्याय ठीक 50 वर्ष पहले आज ही के दिन देर रात को घटित हुआ था, जब तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने भारत के संविधान का गला घोंटकर लोकतंत्र को पूरी तरह से समाप्त करने की साजिश रची थी। इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 25 जून 1975 की रात के अंधेरे में भारत के लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश की।
साथ ही कहा, उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, मोरारजी देसाई, जयप्रकाश नारायण, लालकृष्ण आडवाणी और सभी विपक्षी दलों के नेताओं को जेल में बंद करके लोकतंत्र का पूरी तरह से गला घोंटने की कोशिश की। 50 साल बाद कांग्रेस में चेहरे तो बदल गए होंगे, लेकिन उनका चरित्र, उनके हाव-भाव अभी भी वही हैं, जो 1975 में दिखे थे… कांग्रेस और उनके सहयोगियों को देश और देश की जनता कभी माफी नहीं करेगी। उन्हें आज के दिन माफी मांगनी चाहिए।”