IND vs SA, T20 World Cup Final 2024: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मैच (India vs South Africa Final) कल यानी 29 जून को बारबाडोस के ब्रिजटाउन स्थित केंसिंग्टन ओवल में खेला जाना है। इस मैच में भी दूसरे सेमी-फाइनल की तरह बारिश का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन अच्छी बात यह है कि फाइनल के लिए आईसीसी ने रिजर्व डे रखा है। वहीं, अब खबर सामने आ रही है कि मैच वाले दिन के साथ-साथ रिजर्व डे पर बारिश हो सकती है।
पढ़ें :- विंडीज के बल्लेबाजों ने मचाई तबाही, पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया के खिलाफ खड़ा किया 405 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक बारबाडोस के ब्रिजटाउन में 29 जून को दिन के समय 78 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं और बादल घिरे रह सकते हैं, जबकि रात के समय बारिश की संभावना बढ़कर 87 प्रतिशत हो जाती है। इसके अलावा फाइनल मैच के रिजर्व डे यानी 30 जून को भी बारिश हो सकती है। 30 जून को दिन में बारिश की संभावना 61 प्रतिशत और रात में 49 प्रतिशत है। ऐसे में रिजर्व डे पर भी मैच रद्द होने का खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में सवाल यह है कि अगर रिजर्व डे पर मैच रद्द हो जाता है तो विजेता कौन होगा? आइये जानते हैं नियमों के बारे में…
रिजर्व डे पर मैच रद्द होने पर कौन होगा विजेता
आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मैच के लिए 30 जून का दिन रिजर्व डे रखा है। फाइनल मैच को 29 जून को कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। अगर मैच बारिश या किसी अन्य वजह से नहीं हो पाता है तो रिजर्व डे वहीं से शुरू होगा जहां 29 जून को रुका था। वहीं, अगर रिजर्व डे पर भी मैच पूरा नहीं हो पाता तो भारत और साउथ अफ्रीका को संयुक्त रूप से टी20 वर्ल्ड कप 2024 का विजेता घोषित कर दिया जाएगा।