Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनौली सीमा पर आग का तांडव! चिप्स दुकान जलकर खाक, नेपाल की दमकल ने बढ़ाई मदद का हाथ

सोनौली सीमा पर आग का तांडव! चिप्स दुकान जलकर खाक, नेपाल की दमकल ने बढ़ाई मदद का हाथ

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के सोनौली मुख्य गेट से सटी एक चिप्स की दुकान में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।

पढ़ें :- Video-जाजमऊ में डिलीवरी बॉय बाइक समेत गहरे गड्ढे में समाया, स्थानीय लोग बोले-कानपुर नगर निगम बना नरक निगम

सीमा गेट के पास स्थित कृष्णा चिप्स सेंटर के संचालक रविशंकर साहनी सुबह दुकान में चिप्स तैयार कर रहे थे। इसी दौरान कड़ाही में गर्म तेल अचानक भभक उठा और आग ने देखते ही देखते पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान मालिक ने अग्निशमन सिलेंडर से आग बुझाने का प्रयास किया, परंतु आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका।

लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार, स्थानीय लोग, पुलिसकर्मी और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। आग के आसपास की दुकानों तक फैलने की आशंका से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही नेपाल की दमकल गाड़ी सबसे पहले मौके पर पहुंची और तेजी से आग पर काबू पाने का अभियान शुरू कर दिया। नेपाल की टीम ने आग को फैलने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। इसके कुछ समय बाद भारतीय दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचीं और दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि नेपाल की दमकल समय पर न पहुंचती तो नुकसान और अधिक हो सकता था।

सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन ने मुख्य सीमा गेट पर अस्थायी बैरिकेडिंग लगाकर कुछ समय के लिए आवाजाही रोक दी। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई थी, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पढ़ें :- असंवेदनशील-हृदयहीन BJP से ‘पीड़ा’ के अलावा और कुछ भी हासिल नहीं होगा...UPSSSC अभ्यर्थियों से बोले अखिलेश यादव

चिप्स, खाद्य सामग्री, मशीनें और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। वास्तविक क्षति का आंकलन जांच पूरी होने पर ही संभव होगा।

इस घटना ने एक बार फिर सीमा क्षेत्र में बेहतर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को रेखांकित किया है। स्थानीय लोगों ने नेपाल और भारत दोनों देशों की दमकल एवं सुरक्षा टीमों की तत्परता की सराहना की है।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

पढ़ें :- बहराइच में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, गन्ने का भाव ₹600 करने और कर्जमाफी की मांग
Advertisement