लखनऊ। बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण को और आसान बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने उपभोक्ता सेवा केन्द्र की कॉल क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। टोल फ्री नम्बर 1912 पर कॉल ड्रॉप की समस्या दूर करने तथा उपभोक्ताओं की अधिक संख्या में शिकायतें दर्ज करने के उद्देश्य से फोन लाइनों की संख्या लगभग दोगुनी की जा रही है।
पढ़ें :- जब गांव की नारी समृद्ध होगी, तभी उत्तर प्रदेश सशक्त बनेगा: CM योगी आदित्यनाथ
कारपोरेशन अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने सोमवार को 1912 नम्बर की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि अभी तक 350 इनकमिंग लाइनें थीं, जिन्हें बढ़ाकर 650 किया जाएगा। इस प्रकार कुल 950 लाइनें उपलब्ध होंगी, जिनमें 300 आउटगोइंग रहेंगी। संभावना है कि अक्टूबर से उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि उपभोक्ता सेवा केन्द्र की नियमित मॉनीटरिंग वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाए और कॉल सेंटर कर्मियों को उपभोक्ताओं से बेहतर व्यवहार का प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता जब 1912 पर कॉल करे तो उसकी कॉल रिसीव होनी चाहिए और समस्या का समाधान होने तक सम्पर्क बनाए रखा जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि शिकायत दर्ज कराने में चैटबॉट उपभोक्ताओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसी प्रकार ई-मेल और वेबसाइट से भी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
पूर्वांचल के लिए चैटबॉट नम्बर 8010968292, मध्यांचल के लिए 8010924203, दक्षिणांचल के लिए 8010957826, पश्चिमांचल के लिए 7859804803 तथा केस्को के लिए 8287835233 उपलब्ध हैं। इसी तरह ई-मेल आईडी क्रमशः 1912@puvvnl.in, 1912@mvvnl.org, 1912@dvvnl.org, 1912@pvvnl.org तथा 1912@kesco.org.in हैं।
पढ़ें :- Vaishali Boat Accident : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैशाली नाव दुर्घटना पर जताया शोक, CM सम्राट चौधरी ने मुआवजे का किया ऐलान
इसके अलावा उपभोक्ता यूपीपीसीएल कंज्यूमर ऐप और यूपीपीसीएल 1912 ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं। बैठक में प्रबंध निदेशक पंकज कुमार, निदेशक (कामर्शियल), निदेशक (वाणिज्य), साईफ्यूचर के प्रतिनिधि तथा कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।