पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: जनता की समस्याओं के समाधान और लंबित मामलों की सुनवाई के लिए आयोजित तहसील दिवस शनिवार को उस समय गर्मा गया, जब पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी पीड़ितों और अपने समर्थकों के साथ नौतनवा तहसील पहुंच गए। उन्होंने विभिन्न प्रकरणों को विस्तार से एसडीएम के समक्ष रखा और त्वरित जांच कर कार्रवाई की मांग की।
पढ़ें :- IPS Transfers: यूपी पुलिस में हुआ बड़ा फेरबदल, 35 आईपीएस अधिकरियों के हुए तबादले, देखिए पूरी लिस्ट
इस दौरान मंच पर मौजूद रतनपुर के खंड विकास अधिकारी अमित मिश्रा की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व विधायक ने कड़ा रोष जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि रतनपुर ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण और अन्य विकास योजनाओं के नाम पर लगभग 20 करोड़ रुपये के व्यापक भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है।
पूर्व विधायक ने कहा कि इन योजनाओं में हुई अनियमितताओं में बीडीओ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि वह इस प्रकरण से संबंधित जनसूचना भी मांग चुके हैं, लेकिन आज तक कोई जवाब उपलब्ध नहीं कराया गया, जो संदेह को और गहरा करता है।
अमनमणि त्रिपाठी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि मामले की शासन स्तर पर विधिक जांच के लिए पत्राचार किया जा चुका है और दोषियों के विरुद्ध निश्चित कार्रवाई कराई जाएगी।
तहसील परिसर में इस दौरान समर्थकों व आम लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल कुछ देर तक गरमाता रहा।