Lalit Modi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। भारत छोड़कर ब्रिटेन में रह रहे ललित मोदी ने अब ब्रिटिश नागरिक बनने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है। करीब 16 साल पहले भारत छोड़ने वाले ललित मोदी की इस घोषणा ने एक बार फिर पुराने विवादों को चर्चा में ला दिया है।
पढ़ें :- असदुद्दीन ओवैसी पर सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कसा तंज, बोले- यूपी के लोग जानते हैं उनकी पतंग की डोर कहां से हिलती है?
ऑक्सफोर्ड यूनियन में किया नागरिकता का ऐलान
ललित मोदी ने 14 नवंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में संबोधन के दौरान अपनी ब्रिटिश नागरिकता की जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि 15 सितंबर 2026 को उन्होंने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने का जश्न मनाया था। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का बेहद खास और यादगार पल बताया।
ललित मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा कि ब्रिटेन कई सालों से उनका घर रहा है। यहां के लोगों, संस्थाओं, परंपराओं और मूल्यों के प्रति उनके मन में काफी सम्मान है। उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता को सौभाग्य के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी बताया। खास बात यह रही कि उन्होंने ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन के मौके पर इस उपलब्धि को सार्वजनिक किया और पोस्ट के अंत में ‘गॉड सेव द किंग’ लिखा।
पढ़ें :- राहुल गांधी के आरोपों को सैम पित्रोदा ने नकारा, बोले पीएम मोदी कोई पेचकस लेकर कंप्यूटर पर नहीं बैठे हैं...
2010 में क्यों छोड़ना पड़ा था भारत?
ललित मोदी के भारत छोड़ने की कहानी साल 2010 से जुड़ी है। उस समय आईपीएल में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर उनके खिलाफ जांच शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने के बीच उन्होंने भारत छोड़ दिया और ब्रिटेन चले गए। तब से वह लंदन में रह रहे हैं। आईपीएल के संस्थापक और पूर्व कमिश्नर रहे ललित मोदी पर वित्तीय गड़बड़ियों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच होती रही है। बीसीसीआई ने भी 2010 में उन्हें निलंबित कर दिया था और बाद में 2013 में उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाया गया।
अब ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद ललित मोदी एक बार फिर भारत और ब्रिटेन के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। हालांकि, उनकी नागरिकता की घोषणा से भारत में चल रहे मामलों की कानूनी स्थिति अपने आप नहीं बदलती।