Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. टीम इंडिया में होने वाला है बड़ा बदलाव? गौतम गंभीर ने BCCI के सामने रखा ऐसा नाम जिसने बढ़ा दी हलचल

टीम इंडिया में होने वाला है बड़ा बदलाव? गौतम गंभीर ने BCCI के सामने रखा ऐसा नाम जिसने बढ़ा दी हलचल

By हर्ष गौतम 
Updated Date

BCCI Updates: भारतीय क्रिकेट टीम के सपोर्ट स्टाफ में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक हेड कोच गौतम गंभीर ने BCCI से टीम इंडिया के लिए अलग स्पेशलिस्ट स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त करने की मांग की है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि गंभीर ने इस जिम्मेदारी के लिए पूर्व भारतीय स्पिनर साईराज बहुतुले का नाम आगे बढ़ाया है। फिलहाल टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में मोर्ने मोर्केल तेज गेंदबाजी कोच और सितांशु कोटक बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन स्पिन गेंदबाजी के लिए अलग विशेषज्ञ कोच नहीं है। माना जा रहा है कि हाल के वर्षों में भारतीय स्पिनरों के गिरते प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है।

पढ़ें :- होटल रूम में बाहरियों की एंट्री पर रोक, IPL में हनीट्रैप खतरे के बीच BCCI ने जारी किए कड़े नियम

एक समय भारतीय स्पिन अटैक दुनिया का सबसे मजबूत माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ समय में टीम को घरेलू मैदान पर भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 2024 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने भारत को घर में टेस्ट सीरीज में हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने भी भारतीय पिचों पर जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। उस दौरान साउथ अफ्रीका के स्पिनरों ने भारतीय गेंदबाजों से ज्यादा असर छोड़ा था। वहीं कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म भी सवालों के घेरे में रही।

इसी वजह से गंभीर अब स्पिन विभाग को नए तरीके से मजबूत करना चाहते हैं। साईराज बहुतुले लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट और एनसीए सिस्टम से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कई युवा स्पिनरों के साथ काम किया है और उनकी कोचिंग को काफी प्रभावी माना जाता है। फिलहाल वह पंजाब किंग्स के स्पिन बॉलिंग कोच हैं। सूत्रों के मुताबिक गंभीर, बहुतुले और बीसीसीआई अधिकारियों के बीच शुरुआती बातचीत भी हो चुकी है। अगर यह नियुक्ति होती है तो पहली बार भारतीय टीम में स्पिन गेंदबाजी के लिए अलग विशेषज्ञ कोच देखने को मिलेगा, जिसे भारतीय क्रिकेट में बढ़ती स्पेशलाइजेशन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Advertisement