Sharad Kapoor: बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी खराब सेहत और आर्थिक परेशानियों को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म इंडस्ट्री से मदद की अपील के बाद अभिनेता सोनू सूद ने उनकी सहायता के लिए हाथ बढ़ाया था। लेकिन अब शरद कपूर ने कुछ ऐसे लोगों पर नाराजगी जाहिर की है, जो मदद के नाम पर उनके साथ अजीब व्यवहार कर रहे हैं।
पढ़ें :- प्रेगनेंसी के दौरान एक दिन में पी 100 सिगरेट, आलिया भट्ट की मां ने सालों बाद सुनाया हैरान करने वाला किस्सा
दरअसल, शरद कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके पास मदद करने के बहाने आते हैं। कैमरे के सामने उन्हें पैसे देते हैं, वीडियो रिकॉर्ड करते हैं और शूटिंग खत्म होते ही वही रकम वापस ले लेते हैं। अभिनेता के मुताबिक, ऐसे लोगों का मकसद उनकी मदद करना नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर प्रचार पाना है।
इस अनुभव से शरद कपूर काफी आहत हैं। उन्होंने साफ कहा कि अब वह किसी से मिलना नहीं चाहते। वीडियो में अभिनेता ने फिल्म इंडस्ट्री, अपने प्रशंसकों और मदद के लिए आगे आए लोगों का हाथ जोड़कर आभार जताया। उन्होंने यह भी बताया कि लोगों से मिले प्यार को देखकर वह कई बार भावुक हो जाते हैं।
शरद ने अपने चार पालतू जानवरों का भी जिक्र किया, जो फिलहाल शेल्टर में हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके नाम से चल रही गतिविधियों को लेकर वह परेशान हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कौन सच्चे मन से मदद कर रहा है और कौन सिर्फ दिखावा कर रहा है।
पढ़ें :- बॉलीवुड सुपरस्टार को निशाना बनाने की साजिश नाकाम, दो 2 खूंखार शूटर हुए गिरफ्तार
वहीं, बेजुबान ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने लोगों से अभिनेता को वीडियो और डोनेशन रील बनाने के लिए परेशान नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस समय शरद को मेडिकल केयर, आराम और निजी जिंदगी में सुकून की जरूरत है। इसी बीच ट्रस्ट ने शरद कपूर के नाम पर चल रहे कथित फर्जी डोनेशन अकाउंट्स को लेकर भी चेतावनी जारी की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अकाउंट्स का अभिनेता या ट्रस्ट से कोई संबंध नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि बिना पुष्टि किए किसी भी अकाउंट में पैसे न भेजें।
गौरतलब है कि शरद कपूर ने शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ समेत ‘दस्तक’, ‘तमन्ना’, ‘खौफ’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में काम किया है।