Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. क्या संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप की प्लेइंग XI से हुए बाहर? तिरुवनंतपुरम में ही टीम मैनेजमेंट ने दे दिये संकेत

क्या संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप की प्लेइंग XI से हुए बाहर? तिरुवनंतपुरम में ही टीम मैनेजमेंट ने दे दिये संकेत

By Abhimanyu 
Updated Date

India’s Probable XI for T20 World Cup 2026 : भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की किस्मत शायद उनका साथ नहीं दे रही है, जब वह शानदार फॉर्म में थे तो उनको टीम में जगह नहीं मिल रही थी और जब टीम में जगह मिली तो संजू को कुछ समय के लिए ओपनिंग से हटा दिया गया। फिर शुभमन गिल बाहर होने के बाद उन्हे ओपनिंग करने का मौका मिला, लेकिन फॉर्म ने उनका साथ छोड़ दिया। जिसके चलते टी20 वर्ल्ड कप की प्लेइंग XI से संजू के बाहर होने के आसार नजर आ रहे हैं। ये संकेत टीम मैनेजमेंट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20आई मैच में दे दिये।

पढ़ें :- IPL 2026 Double Header Live : आज हैदराबाद और बेंगलुरु में खेले जाएंगे दो आईपीएल मुक़ाबले, जानें- कब, कहां और किसके बीच होगी भिड़ंत

दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में संजू सैमसन और ईशान किशन को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में चुना गया था। जिसके बाद संजू की ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में जगह तय मानी जा रही थी। जब तिलक वर्मा चोटिल हुए तो संजू और ईशान दोनों को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने का मौका मिला। उस समय कहा जा रहा था कि तिलक जब वापस आएंगे तो ईशान को प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ेगा। हालांकि, ईशान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने प्रदर्शन से प्लेइंग इलेवन में जगह पक्की कर ली है, उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 पारियों में 231.18 की स्ट्राइक रेट से 215 रन जड़ दिये। जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। दूसरी तरफ, संजू का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। उन्हें पांच मैचों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। इस दौरान उनका स्कोर क्रमशः- 10(7), 6(5), 0(1), 24(15) व 6(6) रहा।

संजू की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं? 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मैच शनिवार को संजू सैमसन के होम ग्राउंड (तिरुवनंतपुरम) में खेला गया था, जहां फैंस को लोकल बॉय से बड़ी पारी और फॉर्म में वापसी की उम्मीद थी। लेकिन, संजू 6 गेंदो में 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जबकि, ईशान किशन ने मौके का भरपूर फायदा उठाया। वह 43 गेंदों में 103 रन की विस्फोटक पारी खेलकर आउट हुए। इस दौरान ईशान के बल्ले से 10 छक्के और 6 चौके निकले। भारत ने पांचवें टी20 मैच को 46 रनों से जीता और ईशान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा के साथ कौन ओपनिंग करेगा? ये बात दूसरी पारी में ही साफ हो गयी। जब टीम मैनेजमेंट ने संजू सैमसन की जगह ईशान किशन को ग्लव्स थमा दिये। इससे पहले चार मैचों में संजू ने ही विकेटकीपिंग की थी। ईशान को ये जिम्मेदारी सौंपे जाने से साफ हो गया कि वे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज होंगे। वहीं, तिलक वर्मा जब वापस आएंगे तो वह तीन नंबर पर बल्लेबाज करेंगे और संजू को बेंच पर बैठना होगा।

पढ़ें :- ICC T20I Rankings : कप्तान सूर्या और संजू सैमसन को बिना खेले रैंकिंग में लगाई छलांग, भारतीयों का जलवा बरकरार

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह

Advertisement