पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: निचलौल थाने में दीपावली की रात पुलिस महकमे में हड़कंप मचाने वाली घटना सामने आई। थाने में तैनात एक हेड मुहर्रिर ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
पढ़ें :- Lucknow : 4000 रुपये का पेट्रोल डलवाकर भागे कार सवार बदमाश, रोकने पर सेल्समैन को 500 मीटर तक घसीटा
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद मामला बढ़ गया। इसके बाद हेड मुहर्रिर ने सात लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए एक सुसाइड नोट लिखा और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया। सुसाइड नोट में थानेदार, एक जनप्रतिनिधि और पांच पुलिसकर्मियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि व्हाट्सएप स्टेटस पर सुसाइड नोट देखते ही साथी पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी हरकत में आ गए। सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मामले में लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
थाने के भीतर पुलिसकर्मी के इस कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी फिलहाल मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं।