चंबा, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात के छह पर्यटकों की जान चली गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भटियात क्षेत्र के ककीरा के पास सुबह करीब तीन बजे हुआ, जब पर्यटकों से भरी इनोवा क्रिस्टा अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि सभी पर्यटक मनाली से डलहौजी की ओर जा रहे थे। उसी दौरान इलाके में तेज बारिश हो रही थी और सड़क पर काफी फिसलन थी। शुरुआती जांच में खराब मौसम और फिसलन को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। गाड़ी में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे।
पढ़ें :- छुआछूत: घर में घुसने पर 12 साल बच्चे को महिलाओं ने किया प्रताड़ित, आहत होकर नाबालिग ने जहर खाकर दी जान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में गुजरात के भावनगर निवासी ललितभाई पतनानी, उनकी पत्नी ममताबेन पतनानी, प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी, काजल भोपानी और दियान्श भोपानी शामिल हैं। इनके अलावा हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रहने वाले टैक्सी चालक जसवंत कुमार की भी इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार घूमने के लिए हिमाचल आया था, लेकिन खराब मौसम के बीच सफर उनके लिए काल बन गया।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासन मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।