पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरना शुरू कर दिया है। हर रोज हो रही बड़ी वारदातों को लेकर तेजस्वी यादव समेत अन्य नेता कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। अब NDA गठबंधन की प्रमुख पार्टी लोजपा रामविलास ने अब खुल कर बिहार में हो रही हत्याओं को लेकर बोलना शुरू कर दिया है। पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने हो रही हत्याओं पर चिंता जाहिर की है। ये पहला मौक नहीं है जब उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। इससे पहले भी गोपाल खेमका मर्डर केस में भी उन्होंने सरकार को घेरा था।
पढ़ें :- योगी मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव: भूपेंद्र चौधरी को आगरा तो मनोज पांडेय को सीतापुर का प्रभार, देखें पूरी लिस्ट
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे? समझ से परे है कि बिहार पुलिस की जिम्मेदारी क्या है? जिस तरह से चिराग ने बिहार पुलिस की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं, उसके बाद नीतीश सरकार को अब जवाब देना मुश्किल हो गया है।
बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे ?
समझ से परे है कि बिहार पुलिस की जिम्मेदारी क्या है?
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) July 12, 2025
पढ़ें :- SBI Mutual Fund IPO: साल 2027 में होगी लिस्टिंग, चेयरमैन ने किया खुलासा
बता दें कि, बिहार में बीते दिनों उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को लेकर हंगामा मचा हुआ था कि, बीती रात रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के जकरियापुर इलाके में तृष्णा मार्ट के मालिक विक्रम झा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावारों ने विक्रम झा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। वहीं, अब इस मामले को लेकर नीतीश सरकार पर विपक्षी दल के नेता लगातार सवाल उठा रहे हैं।
प्रदेश ने अपराध चरम पर है
इससे पहले सात जुलाई को चिराग पासवान ने सोशल मीडिया एक्स पर बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया था। उन्होंने लिखा था कि, नालंदा के बिहारशरीफ में अपराधियों द्वारा 16 वर्षीय हिमांशु पासवान एवं 20 वर्षीय अनु कुमार की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। ये घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यह जघन्य घटना न केवल मानवता को झकझोरती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश ने अपराध चरम पर है , प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी के गृह जिले में अपराधियों द्वारा ऐसी घटना को अंजाम देना ये स्पष्ट दर्शाता है कि अपराधियों का मनोबल चरम पर है। स्थानीय प्रशासन से दूरभाष के माध्यम से मेरी बात हुई है, अपराधियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई हेतु निर्देशित भी किया।