NOVAK DJOKOVIC ON VIRAT KOHLI : क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के बाद विराट कोहली ही वो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने क्रिकेट की दुनिया पर राज किया है। इसकी वजह ही कोहली के हर देश में प्रशंसक होना। वहीं, कई हस्तियां मान चुकी हैं कि उन्होंने भारत के इस स्टार बल्लेबाज की वजह से क्रिकेट देखना शुरू किया। अब इसमें महान टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का नाम शामिल हो गया है।
पढ़ें :- RCB vs LSG Live : आज विराट कोहली और ऋषभ पंत की टीम के बीच होगी भिड़ंत, जानें- किसका अब तक पलड़ा भारी
दरअसल, नोवाक जोकोविच ने किंग कोहली के साथ अपनी दोस्ती के बारे में बात की। 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता इस सर्बियाई खिलाड़ी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “विराट कोहली ही वो वजह हैं जिसके कारण मैंने क्रिकेट देखना शुरू किया। वो मेरे प्यारे दोस्त हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूँ। उम्मीद है जब मैं भारत आऊँगा, तो हम थोड़ा टेनिस और क्रिकेट खेलेंगे, सकारात्मक माहौल फैलाएंगे और खेलों का जश्न मनाएँगे।”
बता दें कि जोकोविच ही नहीं हैं जो कोहली को विश्व स्तर पर क्रिकेट का चेहरा मानते हैं। इससे पहले जब क्रिकेट को ओलिंपिक में शामिल करने की बातचीत और वोटिंग के दौरान कोहली का भी जिक्र हुआ था। तब इटली के ओलंपिक चैम्पियन निशानेबाज और लॉस एंजिलिस 28 के खेल निदेशक निकोलो कैम्प्रियानी ने कोहली की लोकप्रियता का उदाहरण दिया था।
कैम्प्रियानी ने कहा था – ‘युवाओं के लिए खेल को प्रासंगिक बनाने के लिए डिजिटल मोर्चे पर मजबूत उपस्थिति की काफी जरूरत होती है. और क्रिकेट इसके लिए एक यूनिक प्लेटफॉर्म देता है। मेरे दोस्त विराट (कोहली) के बारे में सोचिए। उसके सोशल मीडिया पर 314 मिलियन फॉलोअर्स हैं और वह दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा फॉलो होने वाले खिलाड़ी हैं। यह लेब्रॉन जेम्स, टॉम ब्राडी और टाइगर वुड्स के जोड़ देने से भी ज्यादा है। यह एलए 28 के लिए बड़ी जीत है।’