नई दिल्ली। आईसीसी (ICC) ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम ऑफ द टूर्नामेंट (Team of the Tournament) घोषित की है, जिसमें विजेता भारतीय टीम के सबसे ज्यादा छह खिलाड़ियों को जगह मिली है। भारत ने रविवार को खेले गए फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को हराकर 12 साल बाद इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था। भारत के भले ही छह खिलाड़ी इस टीम में जगह बनाने में सफल रहे, लेकिन रोहित शर्मा को इस टीम का कप्तान नहीं बनाया गया है।
पढ़ें :- उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी के बाद मीडिया से मुखातिब हुई दीपिका राठौर, बोलीं-आत्महत्या तक का आया ख्याल
रोहित की कप्तानी में जीता खिताब
भारत ने रोहित की ही कप्तानी में आठ महीने के अंदर लगातार दूसरी आईसीसी (ICC) खिताब अपने नाम की थी। दिलचस्प बात यह है कि रोहित को इस टीम में जगह नहीं मिली है। आईसीसी (ICC) ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम घोषित की है जिसका कप्तान न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर को बनाया है। सैंटनर की टीम उपविजेता रही थी। आईसीसी (ICC) की इस टीम में भारत से विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती और 12वें खिलाड़ी के रूप में अक्षर पटेल शामिल हैं।
पांच टीमों का एक खिलाड़ी भी शामिल नहीं
भारत के अलावा उपविजेता न्यूजीलैंड टीम से रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर और मैट हेनरी को जगह मिली है। वहीं, अफगानिस्तान के दो खिलाड़ी भी टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। अफगानिस्तान के लिए इब्राहिम जादरान और अजमातुल्लाह ओमरजई टीम का हिस्सा बने हैं। मेजबान पाकिस्तान के अलावा सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया टीम से एक भी खिलाड़ी इस टीम में जगह नहीं बना सका है। वहीं, इंग्लैंड और बांग्लादेश से भी किसी खिलाड़ी को जगह नहीं मिली है।
पढ़ें :- Lucknow Firing Case : 10 मिनट में ट्रिपल मर्डर करने वाला ऋषभ शुक्ला ने बोला था-'दिवाली से पहले होगा बड़ा कांड'
आईसीसी की चैंपियंस ट्रॉफी टीम
रचिन रवींद्र (न्यूजीलैंड), इब्राहिम जादरान (अफगानिस्तान), विराट कोहली (भारत), श्रेयस अय्यर (भारत), केएल राहुल (विकेटकीपर, भारत), ग्लेन फिलिप्स (न्यूजीलैंड), अजमातुल्लाह ओमरजई (अफगानिस्तान), मिचेल सैंटनर (कप्तान, न्यूजीलैंड), मोहम्मद शमी (भारत), मैट हेनरी (न्यूजीलैंड), वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल (12वां खिलाड़ी, भारत)।