ICC News Update: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले गए ICC Men’sT20 विश्व कप 2026 को खत्म हुए एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब इस टूर्नामेंट से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने एक मैच में संभावित फिक्सिंग को लेकर जांच शुरू कर दी है। यह मामला कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मैच के दौरान कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा द्वारा डाले गए एक ओवर पर संदेह जताया गया है। खासतौर पर न्यूजीलैंड की पारी का पांचवां ओवर जांच के दायरे में है, जिसमें नो-बॉल, वाइड और कुल 15 रन दिए गए थे। दिलप्रीत से पहले कनाडा के पेसर जसकरण सिंह और डिलोन हेलिगर ने भी महंगे ओवर फेंक चुके थे। वहीं, स्पिनर साद बिन जफर ने तीसरा ओवर विकेट मेडन डाला था।
पढ़ें :- दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 2300 से ज्यादा केस से मचा हड़कंप, रेखा गुप्ता सरकार ने बुलाई हाई-लेवल मीटिंग
इस पूरे मामले की शुरुआत कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (CBC) की एक डॉक्यूमेंट्री ‘Corruption, Crime and Cricket’ के सामने आने के बाद हुई। इस डॉक्यूमेंट्री में कनाडा क्रिकेट के अंदर भ्रष्टाचार, टीम चयन में दबाव और संदिग्ध गतिविधियों के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ICC Anti-Corruption Unit (ACU) अब इन आरोपों की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही एक पुरानी फोन रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें तत्कालीन कोच खुर्रम चोहान ने यह दावा किया था कि कुछ बोर्ड सदस्य खिलाड़ियों के चयन को लेकर दबाव बना रहे थे। फिलहाल जांच जारी है और ICC की नजर इस मामले पर बनी हुई है। अगर आरोप सही साबित होते हैं, तो यह क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।