मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के विंध्याचल क्षेत्र के सेमरी गांव में 12 वर्षीय बच्चे का 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा कर लिया गया। आरोप लगाया गया है कि फिरौती की रकम नहीं मिलने पर अगवा करने वाले ने बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। परिजनों व स्थानीय लोगों ने मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर जाम लगा दिया।
पढ़ें :- गाजियाबाद: जिम ट्रेनर के प्यार में हुई ऐसी पागल कि रच डाली पति की हत्या की साजिश; पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
रिर्पोटों के मुताबिक, मृतक की पहचान केशव बिंद के पुत्र प्रिंस बिंद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रिंस के पिता की बिहसड़ा इंटरमीडिएट कॉलेज के पास चाय-पान की दुकान है। ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले चार-पांच दिनों से दुकान पर रोज आ रहा था और परिवार से काफी जान-पहचान बढ़ा चुका था। बीते 9 नवंबर की शाम आरोपी पिंटू ने प्रिंस को बाइक चलाना सिखाने का बहाना बनाया और उसे अपने साथ लेकर चला गया। काफी देर तक बच्चा घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद परिजनों को 50 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की सूचना मिली।
ऐसा आरोप है कि रुपये नहीं मिलने पर आरोपी पिंटू बच्चे को कुशियारा फॉल के जंगल में ले गया और वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने कुशियारा फॉल के जंगल में आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। फिर इस मामले में पूछताछ के बाद बच्चे का शव जंगल से बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस गंभीर मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थीं। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।