IND vs ENG 5th Test : भारत बनाम इंग्लैंड, पांचवां टेस्ट मैच 7 मार्च से धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेल जाएगा। इस मैच के लिए बीसीसीआई ने 16 सदस्यीय भारतीय स्क्वाड का एलान कर दिया है। जिससे यह बात कंफर्म हो चुकी है कि सीरीज के आखिरी मैच में जसप्रीत बुमराह की वापसी हो रही है और केएल राहुल पांचवां मैच में नहीं खेलेंगे। वहीं, बुमराह की वापसी और राहुल के बाहर होने के बाद कप्तान रोहित शर्मा को प्लेइंग इलेवन चुनने के लिए दो बड़े फैसले लेने होंगे।
पढ़ें :- French Open Final : पीवी सिंधू फाइनल में पहुंचीं, खिताबी मुकाबले में दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर-1 एन से यंग से होगी भिड़ंत
दरअसल, धर्मशाला टेस्ट में जसप्रीत बुमराह की वापसी के बाद कप्तान रोहित शर्मा को दूसरे तेज गेंदबाज के तौर पर मोहम्मद सिराज और आकाश दीप में से किसी एक को चुनना पड़ेगा। पिछले मैच में बुमराह की जगह पर आकाश दीप को डेब्यू का मौका मिला था और उन्होंने पहली पारी में तीन विकेट झटककर खुद को साबित भी किया था। हालांकि, बुमराह के वापस आने पर उन्हें बेंच पर बैठना पड़ सकता है, क्योंकि कप्तान शायद ही सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखें।
इसके अलावा दूसरा बदलाव मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में देखने को मिल सकता है। पांचवें टेस्ट मैच से रजत पाटीदार को बाहर किया जा सकता है। उनकी जगह देवदत्त पडिक्कल को डेब्यू का मौका मिल सकता है। पाटीदार को तीन मैचों में मौके मिले हैं, लेकिन वह फ्लॉप रहे हैं। ऐसे में पडिक्कल का धर्मशाला टेस्ट में खेलना लगभग तय माना जा रहा है। वह इस सीरीज में भारत की ओर से डेब्यू करने वाले पांचवें खिलाड़ी हो सकते हैं।
पांचवें टेस्ट मैच में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रजत पाटीदार/देवदत्त पडिक्कल, रवींद्र जडेजा, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर. अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज/आकाश दीप।
पढ़ें :- श्रेयस अय्यर बोले- 'हमारी टीम में सब मैच विनर है' , आपने आज इसका उदाहरण देखा
भारतीय स्क्वॉड : रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, आर. अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, आकाश दीप।