Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फर्जी भारतीय पहचान के सहारे 21 साल से रह रही थी इंडोनेशियाई महिला,सोनौली सीमा पर गिरफ्तार

फर्जी भारतीय पहचान के सहारे 21 साल से रह रही थी इंडोनेशियाई महिला,सोनौली सीमा पर गिरफ्तार

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल की सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इमिग्रेशन विभाग ने फर्जी भारतीय पहचान के सहारे भारत में रह रही एक इंडोनेशियाई महिला को गिरफ्तार किया है। महिला वर्ष 2005 में भारत आई थी। आरोप है कि उसने पहचान छिपाकर ली किम लियन नाम से वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड सहित कई सरकारी दस्तावेज बनवा लिए थे। उसके पास से इंडोनेशियाई पासपोर्ट के अलावा चीन और जापान के वीजा भी बरामद हुए हैं।

पढ़ें :- छठ पूजा को जीरो वेस्ट पर्व बनाने के लिए सफाई मित्र तैनात, लखनऊ में 110 घाटों पर व्यवस्थाओं की निगरानी के विशेष इंतजाम

मंगलवार 10 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे महिला नेपाल के लुंबिनी जाने के लिए सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पहुंची। नेपाल जाने की प्रक्रिया के दौरान उसने अधिकारियों को भारतीय वोटर आईडी कार्ड दिखाया। कार्ड पर नाम ली किम लियन और जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज थी। हालांकि, महिला की हिंदी बातचीत और हावभाव पर संदेह होने के बाद अधिकारियों ने गहन पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना इंडोनेशियाई पासपोर्ट प्रस्तुत किया, जिसमें उसका नाम रोहाना और जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 दर्ज मिली।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला वर्ष 2005 से भारत में रह रही थी। इस दौरान उसने कथित तौर पर फर्जी पहचान के आधार पर भारतीय दस्तावेज तैयार करवा लिए। उसके पास मौजूद इंडोनेशियाई पासपोर्ट 11 अगस्त 2033 तक वैध है, जबकि मल्टीपल एंट्री रोजगार वीजा की वैधता नौ नवंबर 2026 तक थी।

जांच में यह भी पता चला कि महिला भारत में रहने के दौरान चीन, जापान और ताइवान सहित कई देशों की यात्रा कर चुकी है। नवंबर 2025 में वह चीन से भारत लौटी थी। पूछताछ में कोलकाता में एक एनजीओ के माध्यम से फो कुआंग शान कलकत्ता बुद्धिस्ट सेंटर का संचालन करने और उसकी अध्यक्ष होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह लद्दाख निवासी जिगमत पल्जोर के संपर्क में थी और भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्रा के लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराती थी। हालांकि, उसके संपर्कों और गतिविधियों की वास्तविक भूमिका की जांच की जा रही है।

इमिग्रेशन विभाग ने महिला को आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

पढ़ें :- अचानक डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य और पंकज चौधरी से मिलने पहुंचे ब्रजेश पाठक, यूपी में सियासी हलचल तेज

थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि 11 नवंबर की रात 11:59 बजे महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, उनका असली के रूप में इस्तेमाल करने तथा आव्रजन एवं विदेशी नागरिकों से संबंधित कानूनों के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस महिला के भारत में रहने की अवधि, फर्जी दस्तावेजों के निर्माण, विदेश यात्राओं और उसके संपर्कों की विस्तृत जांच कर रही है।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

Advertisement