इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में NEET की तैयारी कर रही 21 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से घटना की पड़ताल कर रही है।
पढ़ें :- लखनऊ में दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से दो साढ़ुओं की मौत
मृतका की पहचान अवंतिका मोर्य के रूप में हुई है। वह न्यू बर्ग कॉलोनी स्थित एक निजी बिल्डिंग में अपनी बड़ी बहन के साथ किराए के फ्लैट में रहती थी। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 11:30 बजे अवंतिका मोबाइल पर किसी से बात करते हुए पहले अपने फ्लैट की बालकनी में टहल रही थी। इसके बाद वह सीढ़ियों से चौथी मंजिल पर चली गई। कुछ ही देर बाद वह अचानक नीचे कंक्रीट के फर्श पर गिरी मिली।
तेज आवाज सुनकर बिल्डिंग के लोग बाहर आए और गंभीर रूप से घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पहले उसे जूपिटर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना के समय अवंतिका के पिता, जो पेशे से डॉक्टर हैं, भी फ्लैट में मौजूद थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी किससे फोन पर बात कर रही थी और वह चौथी मंजिल तक क्यों गई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि अवंतिका मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी और पढ़ाई के दबाव में रहती थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास के हालात का भी बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।