पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: आदर्श नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने आज नगर के वार्ड नंबर 1 (इंदिरा नगर) और वार्ड नंबर 21राजेंद्र नगर का दौरा कर स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन और होने वाले नई सड़कों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पढ़ें :- मेरठ में दशहरे पर भीषण हादसा, इको और स्विफ्ट की आमने-सामने टक्कर; इलाज के दौरान 3 की मौत
चेयरमैन श्री त्रिपाठी ने पाइपलाइन की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ठेकेदारों को चेतावनी दी कि गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए और समय पर कार्य पूरा किया जाए।
हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने का वादा
श्री त्रिपाठी ने यह भी कहा, “नौतनवा की जनता से हर घर को स्वच्छ जल देने का जो वादा किया गया है, उसे पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि नगर के 70% घरों तक स्वच्छ जल पहुंचा दिया जाए। इसके बाद गर्मी के दिनों में पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और नई सड़कों के निर्माण के लिए सड़कों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने वार्डवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर वार्ड के सभासद और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।