Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भाजपा विकास और सद्भाव के बजाय देश की राजनीति को दूसरी तरफ ले जाने का प्रयास कर रही: अखिलेश यादव

भाजपा विकास और सद्भाव के बजाय देश की राजनीति को दूसरी तरफ ले जाने का प्रयास कर रही: अखिलेश यादव

By शिव मौर्या 
Updated Date

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा झूठी पार्टी है। भाजपा के लोग झूठी बातें करते है। नफरत और भेदभाव की राजनीति करते हैं। उत्तराखण्ड के दौरे पर बुधवार को हरिद्वार में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस सभी भाजपा को हराना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली में बहुत मजबूत है। इसीलिए समाजवादी पार्टी आप को समर्थन कर रही है।

पढ़ें :- SRH vs DC Live : आज हैदराबाद और दिल्ली के बीच होगी भिड़ंत, जानें - कब, कहां देख पाएंगे लाइव मैच

उन्होंने कहा है कि इंडिया गठबन्धन इन्टैक्ट है। जब इंडिया गठबन्धन बनाया गया था, तभी यह कहा गया था कि जिस राज्य में जो क्षेत्रीय दल मजबूत होगा, उसकी मदद की जाएगी। इंडिया गठबन्धन के सभी नेताओं को मिलकर भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ने वाली पार्टी के साथ खड़ा होना चाहिए। दिल्ली में आप मजबूत है इसलिए हम वहां आम आदमी पार्टी के साथ है।

उत्तराखण्ड को यूसीसी (समान नागरिक संहिता) से ज्यादा विकास, तरक्की और रोजगार की आवश्यकता है। जब उत्तराखण्ड बना था उस समय लोकसभा में उत्तराखण्ड को लेकर जो चर्चा हुई थी, उसे पूरा करना और उसको आगे बढ़ाना जरूरी है। उत्तराखण्ड के बड़े हिस्से में अभी विकास नहीं हुआ है। उत्तराखण्ड को लेकर जो सपना देखा गया था,वह अधूरा है। उत्तराखण्ड बनाते समय जो संसद में बात हुई थी, उन चीजों को करना जरूरी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा विकास और सद्भाव के बजाय देश की राजनीति को दूसरी तरफ ले जाने का प्रयास कर रही है। हमारा धर्म सबको अपनाता है। टॉलरेंस सिखाता है। हमारे धर्म की यह सबसे कीमती चीज है हमें उसको किसी भी कीमत पर बचाए रखना है। अभी पिछले दिनों हम सबने स्वामी विवेकानन्द जी की जयंती मनाई। स्वामी विवेकानन्द ने शिकागो में अपने भाषण में कहा था कि हम उस देश से आते हैं, उस धर्म से हैं जिसने सबको स्वीकार किया है।
उन्होंने आगे कहा, महाकुंभ का आयोजन हजारों साल से होता आ रहा है। हमारे ऋषि-मुनि जिन्हें हम कभी नही देख पाते, महाकुंभ के समय उनका दर्शन होता है। उनके आने से महाकुंभ की शोभा बढ़ती है।

आज के समय में जब इतने साधन, संसाधन है, सब कुछ लाइव हो रहा है, ऐसे समय में कमियां होती हैं तो लोग सवाल उठाते हैं। हमें उम्मीद है सरकार उन तमाम कमियों पर ध्यान देगी, सुधार करेगी क्योंकि अभी महाकुंभ बहुत दिनों तक चलना है। अखिलेश यादव ने कहा कि मां गंगा हरिद्वार से लेकर पश्चिम बंगाल में आखिरी छोर तक जाती हैं। हर जगह का अपना महत्व है। समय के हिसाब से हर जगह का अलग अलग महत्व है। मकर संक्रान्ति पर मैंने हरिद्वार में गंगा जी में स्नान किया।

पढ़ें :- IAS Transfer: यूपी में दो दर्जन आईएएस अफसरों के हुए तबादले, अलीगढ़, एटा, बांदा, बाराबंकी समेत इन जिलों को मिले नए जिलाधिकारी

 

Advertisement