IPL 2025 Opening Match: दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग यानी आईपीएल के 18वें सीजन (IPL 2025) आगाज में अब एक दिन का वक्त रह गया है। इस सीजन का ओपनिंग मैच कल यानी 22 मार्च को कोलकाता के इडेन गार्डेंस स्टेडियम में खेला जाना है। जिसमें गतविजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम होगी। इस मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी में दिशा पटानी और श्रेयस घोषाल जैसे बॉलीवुड स्टार अपनी परफ़ॉर्मेंस से चार चांद लगाने वाले हैं। हालांकि, कोलकाता का मौसम फैंस के मजा का किरकिरा कर सकता है।
पढ़ें :- भारत ने न्यूजीलैंड को पहले मैच में चार विकेट से हराकर 1-0 की बनाई बढ़त, सैमसन-श्रेयस और नमन चमके
दरअसल, आईपीएल 2025 के आगाज से एक दिन पहले मौसम विभाग ने कोलकाता में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद इस सीजनके पहले मैच के पूरी तरह रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है। आईएमडी ने गुरुवार से रविवार तक पश्चिम बंगाल के दक्षिण क्षेत्रों में आंधी और बारिश की भविष्यवाणी की है। इस दौरान आईपीएल 2025 के ओपनिंग मैच वाले दिन यानी 22 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट की मानें तो शनिवार को कोलकाता में बारिश की 74 प्रतिशत संभावना है, जबकि बादल छाए रहने की संभावना 97 प्रतिशत है। वहीं, शाम के समय बारिश की संभावना 90 प्रतिशत तक हो जाएगी। ऐसे में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच के रद्द होने की संभावना नजर आ रही है।
बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, आईपीएल 2025 का पहला मैच शनिवार को शाम 7.30 बजे से खेला जाना है। इससे पहले आधे घंटे पहले केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे और आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे।