DC vs RR IPL Match Today: आईपीएल 2024 का 56वां मैच आज मंगलवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में घरेलू टीम दिल्ली कैपिटल्स के सामने राजस्थान रॉयल्स की टीम होगी। प्लेऑफ के नजरिए से यह मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम होने वाला है, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स को अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए हर हाल में जीतना होगा, जबकि राजस्थान रॉयल्स को अगर जीत हासिल होती है तो वह प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
पढ़ें :- भारत ने न्यूजीलैंड को पहले मैच में चार विकेट से हराकर 1-0 की बनाई बढ़त, सैमसन-श्रेयस और नमन चमके
दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन 11 में से 5 मैच जीते हैं और उसके 10 अंक हैं। हालांकि, टीम का नेट रन रेट काफी खराब है। ऐसे में उसे 14 अंक तक पहुंचने के लिए बचे तीन में से दो मैच अच्छे मार्जिन से जीतना होगा, ताकि नेट रन रेट बेहतर हो सके। या फिर टीम को अपने बचे हुए तीनों मैच जीतने होंगे, जिससे वह 16 अंक तक पहुंच जाए, जोकि काफी मुश्किल है, लेकिन टीम अगर ऐसा करने में सफल होती है तो वह आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। फिलहाल, प्लेऑफ में तीसरी और चौथी टीम की रेस में दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जाएंट्स से है।
दूसरी तरफ, राजस्थान रॉयल्स अगर दिल्ली कैपिटल्स को आज के मैच में हराने में सफल हो जाती है तो उसके 18 अंक हो जाएंगे। आईपीएल में 18 अंकों तक पहुंचने वाली टीम को क्वालिफिकेशन का टैग मिल जाता है। वहीं, अगर टीम अपने बचे तीन मैच हार भी जाती है तो उसके 16 अंक रह जाएंगे, फिर भी टीम प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई का जाएगी, क्योंकि 16 अंक हासिल करने वाली टीम आईपीएल में हर बार प्लेऑफ में पहुंचने में सफल हुई है। वहीं, पॉइंट्स टेबल में 16 अंकों के साथ टॉप पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स का भी प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय है।