Ishan Kishan Century in Duleep Trophy: पिछले साल (2023) नवंबर से टीम इंडिया से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी में प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस टूर्नामेंट में ईशान इंडिया सी की टीम का हिस्सा हैं, लेकिन पहले मैच में कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने उनकी जगह पर श्रीकर भारत पर भरोसा जताया था। हालांकि, ईशान ने दूसरे मैच में मिले मौके को खूब भुनाया और शानदार शतक जड़कर अपनी मौजूदगी का एहसास भी कराया।
पढ़ें :- IND vs NZ Live : दूसरे टी20 में भारत पहले करेगा गेंदबाजी, वैभव सूर्यवंशी नंबर-3 पर करेंगे बल्लेबाजी
दरअसल, विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आखिरी बार 28 नवंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20आई मैच में नजर आए थे, जिसके बाद से वह टीम से बाहर ही चल रहे हैं। पिछली कई सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया। यहां तक कि ईशान को बीसीसीआई के सेंट्रल कांट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था। इस दौरान युवा खिलाड़ी पर अनुशासनहीनता के आरोप भी लगे। वहीं, दलीप ट्रॉफी 2024 में इंडिया बी के खिलाफ ईशान किशन ने 3 छक्कों और 14 चौको की मदद से 126 गेंदों में 111 रन की पारी खेलकर एक बार फिर टीम इंडिया में अपनी दावेदारी पेश की है।
बता दें कि बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच के लिए भारतीय टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल को मौका दिया गया है। लेकिन, दूसरे टेस्ट के लिए बीसीसीआई ने अभी तक टीम घोषित नहीं की है। संभवतः दलीप ट्रॉफी के दूसरे राउंड में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन उनके लिए टीम इंडिया का दरवाजा खोल दे। इन खिलाड़ियों में ईशान किशन का नाम भी शामिल है।