Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ‘बात सीट की नहीं जीत की है’…हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ नया इतिहास लिखने में सक्षम : अखिलेश यादव

‘बात सीट की नहीं जीत की है’…हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ नया इतिहास लिखने में सक्षम : अखिलेश यादव

By शिव मौर्या 
Updated Date

लखनऊ। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर​ सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। इंडिया गठबंधन एकजुट होकर हरियााणा में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता है। इसी क्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि, ‘बात सीट की नहीं जीत की है’…हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ की एकजुटता नया इतिहास लिखने में सक्षम है। हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं। इंडिया एलायंस की पुकार, जनहित में हो बदलाव।

पढ़ें :- ममता गुट के प्रत्याशी रबीउल आलम चौधरी का यू-टर्न : पहले नाम वापस लेने की बात कही, अब बोले- रेजीनगर में लडूंगा उपचुनाव

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ की एकजुटता नया इतिहास लिखने में सक्षम है। हमने कई बार कहा है और एक बार फिर दोहरा रहे हैं व आगे भी दोहरायेंगे कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’। हरियाणा के विकास व सौहार्द की विरोधी ‘भाजपा की नकारात्मक, साम्प्रदायिक, विभाजनकारी राजनीति’ को हराने में ‘इंडिया एलायंस’ की जो भी पार्टी सक्षम होगी, हम उसके साथ अपने संगठन और समर्थकों की शक्ति को जोड़ देंगे।

बात दो-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारने की नहीं है, बात तो जनता के दुख-दर्द को समझते हुए उनको भाजपा की जोड़-तोड़ की भ्रष्टाचारी सियासत से मुक्ति दिलाने की है, साथ ही हरियाणा के सच्चे विकास और जनता के कल्याण की है। पिछले 10 सालों में भाजपा ने हरियाणा के विकास को बीसों साल पीछे ढकेल दिया है।

उन्होंने आगे लिखा कि, हम मानते हैं कि हमारे या इंडिया एलायंस के किसी भी दल के लिए, ये समय अपनी राजनीतिक संभावना तलाशने का नहीं है बल्कि त्याग और बलिदान का है। जनहित के परमार्थ मार्ग पर स्वार्थ के लिए कोई जगह नहीं होती। कुटिल और स्वार्थी लोग कभी भी इतिहास में अपना नाम दर्ज नहीं करा सकते हैं। ऐसे लोगों की राजनीति को हराने के लिए ये क्षण, अपने से ऊपर उठने का ऐतिहासिक अवसर है। हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं। इंडिया एलायंस की पुकार, जनहित में हो बदलाव!

पढ़ें :- एशियन गेम्स में टीम इंडिया के रुकने का अलग इंतजाम, BCCI ने क्यों उठाया बड़ा कदम? सामने आई वजह
Advertisement