लखीमपुर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के एक खेत में अलग-अलग पेड़ों से एक विवाहिता और युवक के शव लटके मिले। ग्रामीणों की नजर जब दोनों शवों पर पड़ी, तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर उनकी पहचान कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पढ़ें :- बेटा होने की भविष्यवाणी गलत निकली तो मुस्लिम बाप-बेटे ने की पुजारी की हत्या, फिर हिन्दू शख्स को फंसाने की रची साजिश
जानकारी के मुताबिक, घटना बेलवापुरवा गांव के बाहर स्थित रामलखन कश्यप के खेत की है। सोमवार सुबह खेत में दो अलग-अलग पेड़ों पर शव लटके होने की जानकारी सामने आई थी। इनमें एक महिला और दूसरा युवक था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बेंचेपुरवा निवासी राम खिलावन की बेटी रामा के रूप में हुई है, रामा की शादी करीब 15 महीने पहले हुई थी। युवक की पहचान पचासा गांव के रहने वाले श्रीधर के बेटे जितेंद्र के तौर पर की गई। बताया गया है कि जितेंद्र लखनऊ में मजदूरी करता था।
वहीं, इस मामले में पढ़ुआ थाना के इंस्पेक्टर ने बताया कि रामा और जितेंद्र एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की जानकारी भी सामने आई है। इसी आधार पर घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हुआ है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना के बाद दोनों परिवारों और गांवों में शोक का माहौल है।