Dr. Bhimrao Ambedkar Controversy : राज्यसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से डॉ. भीमराव अंबेडकर पर की गयी टिप्पणी को लेकर देशभर में सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल इसको लेकर गृहमंत्री से माफ और इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अमित शाह पर बड़ा हमला बोला है। लालू ने कहा कि अमित शाह बाबा साहेब अंबेडकर से नफरत करते हैं। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
पढ़ें :- यूपी मतदाता सूची गड़बड़ी मामले में बड़ा एक्शन, पीलीभीत में दो एसडीएम के खिलाफ FIR दर्ज
आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने गुरुवार को गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, “उन्हें (अमित शाह) बाबा साहेब अंबेडकर से घृणा है। हमने देखा है, सुना है। हम उनके बयान की निंदा करते हैं। बाबा साहेब अंबेडकर महान शख्सियत थे।” उन्होंने यह भी कहा, “उन्हें (शाह) इस्तीफा देते हुए राजनीति का त्याग कर दे देना चाहिए। इससे पहले लालू ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि गोलवलकर की आनुवंशिक औलादें अंबेडकर को नहीं मानती।
वहीं, लालू के ताजा बयान पर एनडीए के घटक दल जेडीयू ने पलटवार किया है। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि लालू यादव किसी लायक नहीं हैं, उन्हें क्षमा कर देना चाहिए। इसके जवाब में आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि लालू जी ने अपने अंदाज में जवाब दिया है। बता दें कि अमित शाह ने मंगलवार को राज्य सभा में कहा था कि कुछ लोगों के लिए अंबेडकर का नाम लेते रहना फैशन बन गया है। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।