Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. BJP में सम्मान नहीं मिला तो छोड़ी पार्टी, जुबिन नौटियाल के पिता ने थामा कांग्रेस का हाथ; उत्तराखंड में BJP को झटका

BJP में सम्मान नहीं मिला तो छोड़ी पार्टी, जुबिन नौटियाल के पिता ने थामा कांग्रेस का हाथ; उत्तराखंड में BJP को झटका

By Kalpna Pandey 
Updated Date

उत्तराखंड की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल का दौर तेज होता नजर आ रहा है। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता और बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। करीब 12 साल पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए रामशरण की घर वापसी को प्रदेश की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

पढ़ें :- सोनिया गांधी ने खोले रिश्तों के राज, 'बिलॉन्गिंग' में लिखा-'इंदिरा जी के गुस्से से बहुत डरती थी...'

सोमवार को कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में रामशरण नौटियाल ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके इस फैसले से देहरादून और चकराता क्षेत्र की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बीजेपी में सम्मान नहीं मिलने से थे नाराज

रामशरण नौटियाल ने बीजेपी छोड़ने के पीछे पार्टी में सम्मान नहीं मिलने की बात कही थी। पिछले कुछ समय से उनकी पार्टी से दूरी की चर्चाएं चल रही थीं। आखिरकार उन्होंने इस्तीफा देकर कांग्रेस में वापसी का फैसला कर लिया।

कांग्रेस में उनका स्वागत करते हुए कुमारी शैलजा ने इसे पुराने साथी की घर वापसी बताया। उन्होंने कहा कि रामशरण नौटियाल को बीजेपी में घुटन महसूस हो रही थी और पार्टी के माहौल से उनका मन खिन्न हो गया था। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उम्मीद जताई कि उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

पढ़ें :- बस्तर में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी, बोले - देश से हथियारी नक्सल खत्म, अब दिमागी नक्सलियों से मुकाबला

2022 में बीजेपी के टिकट पर लड़े थे चुनाव

रामशरण नौटियाल का राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू हुआ था। साल 2014 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें चकराता सीट से उम्मीदवार बनाया, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वह देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

किस सीट से उतरेंगे मैदान में?

रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब उनके अगले राजनीतिक कदम पर नजरें टिकी हैं। चर्चा है कि वह विकासनगर या सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

चुनाव से पहले रामशरण नौटियाल की वापसी कांग्रेस के लिए कितनी फायदेमंद साबित होगी और बीजेपी को इससे कितना राजनीतिक नुकसान होगा, यह आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल उनके पार्टी बदलने से उत्तराखंड की सियासत में नई हलचल जरूर पैदा हो गई है।

Advertisement