पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा कस्बे के जय हिंद चौराहे पर जलकल परिसर के पास स्थित बिजली का खंभा लोगों के लिए खतरा बन गया है। इस खंभे में करंट आने की समस्या कई दिनों से बनी हुई है। चौराहे पर आने-जाने वाले लोग अनजाने में खंभे को छू लेते हैं और उन्हें झटका लगता है।
पढ़ें :- संजय निषाद ने यूपी विधान चुनाव से पहले बीजेपी को दिया अल्टीमेटम, आरक्षण पर फैसला करो, वरना दूसरा दरवाजा देखेंगे
स्थानीय निवासियों ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए खंभे पर पॉलिथीन लपेटकर अस्थाई सुरक्षा का प्रबंध किया है। राजू, नूर आलम, शाहू, अमन, सोनू और आकाश ने बताया कि इस समस्या के कारण लोगों में डर का माहौल है। वर्षा के मौसम में स्थिति और चिंताजनक हो जाती है। नमी के कारण करंट फैलने का जोखिम बढ़ जाता है।
विद्युत विभाग के एसडीओ रमेश सिंह ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही तकनीकी टीम भेजकर खंभे की जांच कराई जाएगी। खराबी मिलने पर तुरंत मरम्मत का काम किया जाएगा।