Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। भाजपा ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। वहीं, गौतम गंभीर ने राजनीतिक से संन्यास का एलान कर दिया। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निशाना साधा है।
पढ़ें :- CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम को लेकर खुफिया एजेंसियां एलर्ट, बदल सकता है अनिश्चितकालीन धरने में
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि, किसने सोचा था कि भाजपा के ऐसे दिन भी आएंगे कि: कुछ उम्मीदवार टिकट मिलने से पहले कुछ और काम को ज़्यादा ज़रूरी बताने का बहाना करके दावेदारी छोड़ देंगे। कोई खेल को राजनीति से अधिक गंभीर मानकर बाहर जाने की बात करेगा।
इसके साथ ही लिखा कि, कोई पर्यावरण के बहाने पतझड़ी भाजपा से बाहर निकलने के लिए प्रार्थना पत्र लिखेगा। कोई टिकट कटने पर संन्यास लेने का ऐलान कर देगा। कोई टिकट मिलने के बाद भी दूर से ही सोशल मीडिया पर अपने व्यक्तिगत कारणों से टिकट को ठुकरा देगा।
भाजपा एक दल के रूप में इतनी कमज़ोर कभी नहीं थी। अब तो जनता के अलावा, भाजपा वाले भी ख़ुद ही कह रहे हैं : ‘नहीं चाहिए भाजपा’।