लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में रविवार शाम एक मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। भिटौली तिराहे के पास स्थित एक ढाबे पर बदमाशों ने संचालक विजय यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पढ़ें :- देवरिया में सड़क किनारे मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग की चर्चा से इलाके में सनसनी
मृतक विजय यादव यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट चलाते थे। बताया जा रहा है कि रविवार शाम ढाबे के बाहर कुछ युवक आपस में झगड़ा और मारपीट कर रहे थे। विजय ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन जब मामला शांत नहीं हुआ तो उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह बात युवकों को नागवार गुजरी और वे वहां से चले गए।
कुछ देर बाद लौटे और चला दी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थोड़ी देर बाद दो युवक बाइक से दोबारा ढाबे पर पहुंचे। आते ही उन्होंने विजय यादव पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उनके माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने के बाद ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की मदद से विजय को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां ऑपरेशन के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
परिवार में मचा कोहराम
पढ़ें :- प्रयागराज के 4 मंजिला होटल में भीषण आग, ट्रांसफार्मर ब्लास्ट होने की आशंका, 12 लोग अंदर फंसे, सभी को सुरक्षित निकाला गया
विजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल पहुंची मां बेटे की हालत देखकर बेसुध हो गईं। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी ने बताया कि वह उस समय ऊपर नहाने गया था। तभी गोली चलने की आवाज सुनकर नीचे आया तो देखा कि विजय यादव खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे और लोग उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे।
CCTV और वीडियो के सहारे जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को घटना से पहले का एक वीडियो मिला है, जिसमें कुछ युवक ढाबे के बाहर विवाद करते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें बनाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।