लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज (KGMU) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में घायलों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटना को बेहद दुखद बताया। साथ ही सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, अगर सुरक्षा नियमों का पालन हुआ होता तो इतना बड़ा हादसा न होता। सुरक्षा नियमों का पालन न होने की वजह से इतने लोगों की जान चली गई।
पढ़ें :- UP Assembly Monsoon Session : सीएम योगी ने विपक्ष से जनहित के मुद्दों पर सार्थक बहस और सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, ये घटना बहुत ही दुखद है। अगर सुरक्षा नियमों का पालन हुआ होता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। सुरक्षा नियमों के पालन ना होने से इतने लोगों की जान चली गई। इन परिवारों की मदद होनी चाहिए। अभी मैं एक नौजवान से मिलकर आया हूं। उसने कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई, जिसके कारण उसका इलाज लंबे समय तक चलेगा और वो परिवार में कमाने वाला अकेला है।
उन्होंने कहा कि, मेरी मांग है कि, सरकार उनकी मदद करे। हमारी मांग है कि जबतक वे स्वस्थ नहीं होता है और दोबारा नौकरी के लिए नहीं पहुंचता है तब तक उसे वेतन मिले और इलाज का इंतजाम सरकार करे। सरकार को मृतकों को परिवारों की कम से कम एक करोड़ रुपए की मदद करनी चाहिए।
सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि, यही मुख्यमंत्री जी ने कहा था कि बुलडोजर चल जाएगा 24 घंटे में, क्या उस बिल्डिंग पर बुलडोजर चला आज तक? यह सरकार तो वह है जो अहंकार में चूर है। उन्हें कुछ नहीं दिखाई देता है, ना समझते हैं।