Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ अग्निकांड: ब्रजेश पाठक बोले-25 जून को, मैं अपना जन्मदिन नहीं मनाऊंगा, इस घटना ने मन को भीतर तक उद्वेलित और व्यथित कर दिया

लखनऊ अग्निकांड: ब्रजेश पाठक बोले-25 जून को, मैं अपना जन्मदिन नहीं मनाऊंगा, इस घटना ने मन को भीतर तक उद्वेलित और व्यथित कर दिया

By शिव मौर्या 
Updated Date

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड की घटना में 15 बच्चों की मौत हो गयी थी। घटना के दौरान वहां मौजूद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भावुक दिखे थे। अब उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए 25 जून को अपना जन्मदिन नहीं मनाने के फैसले की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि, यह दिन उन दिवंगत मासूम बच्चों की पावन स्मृति तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति श्रद्धांजलि और संवेदना को समर्पित रहेगा।

पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा चोरी के खिलाफ कांग्रेस का शंखनाद, बोली-आस्था का व्यापार बंद करो, चढ़ावा चोरों को जेल भेजो

ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड ने मन को भीतर तक उद्वेलित और व्यथित कर दिया है। इस दुःखद घटना में अनेक मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु ने पूरे प्रदेश को शोक और पीड़ा से भर दिया है।

जब कई परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए हों, तब अपने जन्मदिन का उत्सव मनाना उचित प्रतीत नहीं होता। इसी गहन संवेदना और शोक के भाव के साथ मैंने निर्णय लिया है कि कल, 25 जून को, मैं अपना जन्मदिन नहीं मनाऊंगा। यह दिन उन दिवंगत मासूम बच्चों की पावन स्मृति तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति श्रद्धांजलि और संवेदना को समर्पित रहेगा।

डिप्टी सीएम ने आगे लिखा, प्रभु श्रीहरि से प्रार्थना है कि वे इस अत्यंत हृदयविदारक, पीड़ादायक एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना में दिवंगत सभी बच्चों को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें, शोक संतप्त परिवारों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

Advertisement